
फतहनगर। खैंखरे के अवसर पर मेवाड़ में कहीं सब्जी का तो कहीं छप्पन भोग का अन्नकूट प्रचलित है लेकिन मावली तहसील के ईंटाली गाँव का गन्ने का अन्नकूट ग्रामीणों को रोमांचित कर जाता है।
यहाँ दो दिवसीय अन्नकूट महोत्सव के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्रथम दिन रात्रि में भील बस्ती अमलाई माता मंदिर स्थान पर प्रसिद्ध भजन गायक शंभू धनगर व भेरूलाल भाट के द्वारा देर रात तक भजनों की प्रस्तुतियां दी। दूसरे दिन खेखरा पर प्रातः 8:00 बजे भगवान लक्ष्मी नारायण मंदिर चौक में सामूहिक गन्ना लूट का कार्यक्रम आयोजित किया गया इसमें बड़ी संख्या में हर समाज के व्यक्ति ने गन्ने को भगवान का प्रसाद मानकर लूटा। देखते ही देखते ग्रामीण गन्ने की गाड़ियों पर टूट पड़े तथा सारा गन्ना लूट लिया। यह परम्परा वर्षों से चली आ रही है। आज भी ग्रामीण श्रद्धा के साथ इस परम्परा का निर्वहन कर रहे हैं। इधर 9:30 बजे बालाजी गौशाला की गौ माता का ईंटाली नगर भ्रमण किया गया जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे। 12:30 बजे अजमेरा परिवार की ओर से भगवान चारभुजा नाथ को छप्पन भोग धराया। 4:00 बजे मंदिर प्रांगण में सामूहिक बेल पूजन का कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसमें बैलों को सजाने की प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रोत्साहन स्वरूप प्रत्येक बैल जोड़ी को ग्राम पंचायत की ओर से पुरस्कार दिया गया वहीं बैल प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय, तृतीय आने पर पुरस्कार दिया जाएगा। रात्रि 8:00 बजे बड़े मंदिर चौक में गांव के भील समाज द्वारा सामूहिक नृत्य प्रस्तुत कर भगवान के दर्शन कर चावल में चवला का अन्नकूट का आयोजन किया गया। रात्रि 9:30 बजे बस स्टैंड पर प्रसिद्ध भजन गायक लेहरु दास वैष्णव वह तृषा सुथार के द्वारा रंगारंग भजनों की प्रस्तुतियां दी गई वह कलाकारों द्वारा दी गई झांकियां आकर्षण का केंद्र रही।

