
फतहनगर। धर्म नगरी फतहनगर के द्वारिकाधीश मंदिर में बुधवार की शाम अन्नकूट महोत्सव का आयोजन होगा। प्रतिवर्ष खैंखरे के अवसर पर होने वाला यह आयोजन इस बार भी रोमांचक रहने वाला है। आयोजन को लेकर नगरवासी तैयारियों में लगे हुए हैं। मंदिर की भूमि पर सब्जी का अन्नकूट तैयार किया जा रहा है। इस बार रिकॉर्ड तोड़ 65 क्विंटल सब्जी का अन्नकूट वितरण किया जाएगा। ठाकुर जी के समक्ष 56 भोग सजेगा। मंदिर के सामने भील समुदाय द्वारा थाली मांदल की थाप पर नृत्य किया जाएगा। ठाकुर जी की महा आरती के साथ ही मंदिर के किवाड़ खोले जाएंगे तथा आदिवासी समुदाय के लोग चावल एवं चवले का अन्नकूट लूटेंगे। आरती उपरांत श्रद्धालु छप्पन भोग का प्रसाद ग्रहण कर सकेंगे। सब्जी के अन्नकूट की वितरण व्यवस्था महिला एवं पुरुषों के लिए प्रथक -प्रथक की गई है।
आंवला नवमी पर अखाड़ा मंदिर में होगा 56 भोग : अन्नकूट की श्रृंखला में ही 30 अक्टूबर को आंवला नवमी पर नगर के अखाड़ा मंदिर में छप्पन भोग एवं सब्जी का अन्नकूट वितरण किया जाएगा। नगर के अन्य मंदिरों पर भी आने वाले दिनों में 56 भोग के विशिष्ट आयोजन होंगे।

