
फतहनगर। नगर पालिका फतहनगर सनवाड के तत्वावधान में आज से ही दशहरा महोत्सव का आगाज होगा। पालिका उपाध्यक्ष नितिन सेठिया ने जानकारी देते हुए बताया कि तीन दिवसीय दशहरा महोत्सव 2025 के प्रथम दिन गुरुवार को रावण, कुंभकरण एवं मेघनाथ के पुतलों का आतिशी दहन होगा। तय कार्यक्रम के अनुसार सायं 4:00 बजे से अखाड़ा मंदिर फतेह नगर से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभा यात्रा के दौरान अखाडा प्रदर्शन भी होगा। नगर के विभिन्न मार्गो से होते हुए यह शोभायात्रा स्कूल ग्राउंड पहुंचकर संपन्न होगी। स्कूल ग्राउंड में सायं 6 बजे से राजस्थानी लोकगीत एवं नृत्य की कलाकारों द्वारा प्रस्तुतियां दी जाएगी। सांय 7 बजे से नगरवासियों को रंगारंग आतिशबाजी के नजारे देखने को मिलेंगे। रात्रि 8:00 बजे रावण, कुंभकरण एवं मेघनाथ के पुतलों का आतिशी दहन किया जाएगा।
दूसरे दिन के यह होंगे कार्यक्रम:
दशहरा महोत्सव के दूसरे दिन शुक्रवार को शाम 7:15 से भजन संध्या एवं झांकियों का प्रदर्शन होगा। भजन संध्या में सुप्रसिद्ध भजन गायक छोटू सिंह रावणा एवं प्रख्यात भजन गायिका ट्विंकल शर्मा के भजनों का नगरवासी लाभ उठा सकेंगे। दिल्ली की प्रख्यात झांकियां राम दरबार, शिव तांडव, बाहुबली हनुमान, नरसिंहा इत्यादि की प्रस्तुतियां होगी।
समापन पर होगी कल्चरल नाइट :
दशहरा महोत्सव के तीसरे एवं अंतिम दिन शनिवार को लाफ्टर व कल्चरल नाइट का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन के दौरान बॉलीवुड कॉमेडी स्टार राजपाल यादव की कॉमेडी का नगर वासी लुत्फ उठा सकेंगे। इसके अलावा द ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज फेम कॉमेडियन vip, मिमिक्री आर्टिस्ट विजय परिहार, इंडिया गॉट टैलेंट फेम बिजेंदर रजक, मून वॉल्कर डांस ग्रुप द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति,बॉर्डर,भगत सिंह,ऑपरेशन सिंदूर, स्वच्छ भारत के अलावा क्रेजी हॉपर्स डांस ग्रुप मुंबई द्वारा प्रस्तुत कार्यक्रम कल्चरल नाइट के प्रमुख आकर्षण होंगे।

