
फतहनगर। नगर के महावीर अम्बेश गुरू महाविद्यालय में मंगलवार को एल.आई.सी के स्वर्ण जयन्ती वर्ष के अवसर पर एल.आई.सी द्वारा देय छात्रवृति एवं केरियर काउंसलिंग सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारतीय जीवन बीमा निगम सेटेलाइट कार्यालय फतहनगर के शाखा प्रबन्धक चेतन नायक थे जबकि मुख्य जीवन बीमा सलाहकार संजय गौड़ विशिष्ट अतिथि उपस्थित थे। अध्यक्षता देवेन्द्रसिंह राठौड़ ने की।
मुख्य अतिथि नायक ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि स्नातक स्तरीय प्रथम वर्ष की विभिन्न कक्षाओं में नियमित अध्ययनरत,आर्थिक रूप से कमजोर छात्र छात्राओं को एल.आई.सी. गोल्डन जुबली फाउंडेशन छात्रवृति में प्रतिवर्ष पात्र बालक-बालिकाओं को 20 से 40 हजार रूपये तक छात्रवृति फाउंडेशन द्वारा प्रदान की जाती है। इस योजना के तहत आवेदन की अंतिम तिथि 17 सितम्बर 2025 है। साथ ही केन्द्र सरकार द्वारा बालिकाओं के लिए संचालित रोजगार परक बीमा सखी योजना की भी विस्तृत जानकारी दी। विशिष्ट अतिथि संजय गौड ने भारतीय जीवन बीमा निगम में विभिन्न रोजगार के अवसरो एवं केरियर काउंसलिंग के बारे मे विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम के अन्त में धन्यवाद रेखा मेहता ने ज्ञापित किया। कार्यक्रम में संकाय सदस्य एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
