
फतहनगर। भादवी बीज पर क्षेत्र में सोमवार को बाबा रामदेव की शोभायात्राएं निकाली गई। चंगेड़ी के रेगर मोहल्ला से शोभायात्रा निकाली गई जिसमूें रामदेव की सज्जित झांकी का लोगों ने दर्शन लाभ लिया। इस अवसर पर विविध कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। इसी प्रकार से ईंटाली में बाबा रामदेव मंदिर पर पूजन अर्चन कर बाबा रामदेव की तस्वीर को श्रृंगारित रथ में स्थापित कर शोभायात्रा निकाली गई। बाबा के जयकारों के साथ शोभायात्रा विभिन्न मोहल्लों से होते हुए पुनः गोराजी बावजी के प्रांगण में पहुंच कर सम्पन्न हुई। यहां पर पिछले एक पखवाड़े से चल रहा राम रसोड़े का भी इस अवसर पर समापन किया गया। बाबा रामदेव की महाआरती के बाद प्रसाद वितरण किया गया। इसी प्रकार से पालिका क्षेत्र के सनवाड़ कस्बे में भी बाबा रामदेव की शोभायात्रा का आयोजन किया गया। इसमें भी बड़ी तादाद में श्रद्धालु भक्तों ने भाग लिया।

