उदयपुर

गाजे बाजे के साथ रवाना हुए कावड़िए

खेरोदा। सावन के पवित्र माह में खास महत्व होने के कारण ग्रामीण क्षेत्रों के शिवालयों में विशेष धार्मिक अनुष्ठान किए जा रहे हैं। वही भोलेनाथ का जलाभिषेक करने के लिए कावड़िए भी बड़े उत्साह के साथ कावड़ यात्रा में शामिल हो रहे हैं। सावन के द्वितीय सोमवार पर खेरोदा कस्बे से केदारेश्वर महादेव का जलाभिषेक करने के लिए गाजे-बाजे के साथ कावड़िए रवाना हुए। खेरोदा बस स्टैंड के पास स्थित प्राचीन नागाजी की बावड़ी एवं शिव मंदिर से विधिवत कावड़ यात्रा का शुभारंभ हुआ। इस दौरान भोलेनाथ की विधिवत पूजा अर्चना करके प्राचीन नागाजी की बावड़ी से जल भर कर कावड़िए रवाना हुए। खेरोदा से केदारेश्वर महादेव के लिए निकली कावड़ यात्रा में बड़ी तादाद में महिलाएं और पुरुष शामिल हुए। कावड़ यात्रा में भक्तों ने पारंपरिक भगवा केसरिया वस्त्र धारण कर अपने कंधे पर सजे-धजे कावड़ लेकर महादेव का अभिषेक करने के लिए रवाना हुए। यह कावड़ यात्रा खेरोदा बस स्टैंड, सदर बाजार, होली चौक, गांधी चौक से अमरपुरा होते हुए केदारेश्वर महादेव के लिए रवाना हुई। इस दौरान जगह-जगह पर ग्रामीणों द्वारा कावड़ यात्रा का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। कावड़ यात्रा के दौरान डीजे साउंड पर चल रहे भजनों पर कावड़ियों ने नाचने गाने एवं भोलेनाथ के जयकारे लगाने का भरपूर आनंद लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *