
सलूंबर। गुलाब चंद कटारिया के सलूंबर आगमन पर शनिवार सुबह आरटीओ चौराहा उत्साह और स्वागत के रंगों से सराबोर नजर आया। बांसवाड़ा जाते समय उनके अल्प प्रवास के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने गर्मजोशी के साथ अभिनंदन किया।
प्रातः करीब 8 बजे सलूंबर पहुंचे राज्यपाल कटारिया का फूल-मालाओं और नारों के साथ स्वागत किया गया। लगभग 35 मिनट के प्रवास में उन्होंने कार्यकर्ताओं के बीच बैठकर आत्मीयता से संवाद किया। इस दौरान चाय और अल्पाहार के साथ सहज वातावरण में चर्चा का दौर चला, जिससे कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
राज्यपाल ने कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों से कुशलक्षेम पूछते हुए क्षेत्र की खेती-बाड़ी, फसलों की स्थिति और किसानों की समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने नवगठित सलूंबर जिले के समग्र विकास को लेकर रोडमैप, आधारभूत सुविधाओं और कानून व्यवस्था जैसे अहम मुद्दों पर भी फीडबैक लिया। कार्यकर्ताओं ने भी बेबाकी से अपने सुझाव और अपेक्षाएं साझा कीं।
इस मौके पर भाजपा पदाधिकारियों ने डिंगरी रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव और स्टेशन के विकास की मांग प्रमुखता से उठाई, जिस पर राज्यपाल ने सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में शांता देवी मीणा, भाजपा के वरिष्ठ नेता कैलाश गांधी, जिला उपाध्यक्ष चंद्रशेखर जोशी, एसटी मोर्चा प्रदेश प्रवक्ता सोनल मीणा, सेमारी प्रधान दुर्गाप्रसाद मीणा, बसंती लाल मीणा, प्रभु लाल जैन, डॉ. लव व्यास, भूरा लाल पटेल, अमरा भाई पटेल, परमानंद मेहता, रामेश्वर जोशी, निर्भय सिंह मल्लाडा, रोड सिंह सिसोदिया, बार एसोसिएशन अध्यक्ष संजय मेहता, हजारी भाई डेलवास सहित अनेक जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
समग्र रूप से यह अल्प प्रवास न केवल स्वागत समारोह तक सीमित रहा, बल्कि जनसंवाद और क्षेत्रीय विकास की दिशा में एक सार्थक पहल के रूप में भी देखा गया।

