फतहनगर। राजस्थान सरकार के निर्देशानुसार नगरपालिकाओं में आयोजित शहरी समस्या समाधान शिविर-2026 के तहत नगर पालिका फतहनगर-सनवाड़ में आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान का कार्य लगातार जारी है। शिविर में विभिन्न जनहितकारी योजनाओं एवं सेवाओं से जुड़े 1529 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 1390 आवेदनों का मौके पर ही निस्तारण कर नागरिकों को राहत प्रदान की गई।
शिविर के दौरान मंगलवार को स्थानीय निकाय विभाग के उपनिदेशक ने नगर पालिका पहुंचकर शिविर का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने भूमि, विद्युत, जल तथा अन्य विभागों के काउंटरों का अवलोकन करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक प्रकरण का समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को अनावश्यक चक्कर नहीं लगाने पड़ें।
निरीक्षण के दौरान जिन आवेदकों के लीज डीड (पट्टे) तैयार हो चुके थे, उन्हें उपनिदेशक ने स्वयं अपने हाथों से स्वामित्व दस्तावेज सौंपे। वर्षों पुराने आशियाने का वैध दस्तावेज मिलने पर लाभार्थियों के चेहरों पर खुशी साफ झलक उठी। लाभार्थियों ने राज्य सरकार, उपनिदेशक तथा नगर पालिका प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वरिष्ठ अधिकारियों की संवेदनशीलता और मौके पर दस्तावेज वितरण से प्रशासन के प्रति उनका विश्वास और मजबूत हुआ है।
नगर पालिका प्रशासन ने कहा कि शहरी सेवा शिविर-2026 केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि सुशासन को धरातल पर उतारने का प्रभावी अभियान है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी वार्ड स्तरीय समस्याओं के समाधान के लिए शिविर में पहुंचकर अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
फोटो: उपनिदेशक पट्टे प्रदान करते हुए।
शहरी सेवा शिविर में 1390 मामलों का मौके पर निस्तारण, उपनिदेशक ने किया औचक निरीक्षण

Leave a Reply