फतहनगर - सनवाड

विद्यालय प्रबंध समिति की बैठक सम्पन्न, शैक्षणिक एवं व्यवस्थागत सुधारों पर लिए महत्वपूर्ण निर्णय

फतहनगर। स्थानीय विद्यालय की प्रबंध समिति की बैठक अध्यक्ष कैलाश चंद्र अग्रवाल की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में विद्यालय के शैक्षणिक, प्रशासनिक एवं व्यवस्थागत कार्यों की समीक्षा करते हुए विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा आवश्यक निर्णय लिए गए।

बैठक में गत शैक्षणिक सत्र एवं वर्तमान सत्र की छात्र संख्या की जानकारी प्रस्तुत की गई। साथ ही बकाया शिक्षण शुल्क एवं वाहन शुल्क की समीक्षा कर उसकी शीघ्र वसूली के लिए प्रभावी कदम उठाने पर सहमति बनी।

विद्यालय के स्थायी एवं अस्थायी कर्मचारियों की अद्यतन सूची तैयार करने, शारीरिक शिक्षक की नियुक्ति करने तथा विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नर्सरी से द्वितीय कक्षा तक के विद्यार्थियों की बैठक व्यवस्था भूतल स्थित कक्षों में रखने का निर्णय लिया गया।

बैठक में विद्यालय के मुख्य द्वार के समीप स्थित नाले की सफाई एवं आवश्यक मरम्मत के लिए नगरपालिका को पत्र भेजकर स्वीकृति प्राप्त करने का भी निर्णय लिया गया। इसके अलावा प्रबंध समिति के पदाधिकारियों की जानकारी प्रदर्शित करने के लिए सूचना बोर्ड तैयार करवाने पर भी सहमति बनी।

अग्निशमन एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही यह निर्णय लिया गया कि मनोज समदानी के सानिध्य में विद्यालय के समस्त कार्यकर्ताओं एवं प्रबंध समिति के पदाधिकारियों की संयुक्त बैठक शीघ्र आयोजित की जाएगी, जिसमें विद्यालय के विकास एवं भावी योजनाओं पर विचार-विमर्श होगा।

बैठक में संरक्षक मनोहर लाल कांवड़िया, सचिव जय प्रकाश बंसल, उपाध्यक्ष लक्ष्मी लाल अग्रवाल, सह सचिव शुभम सहित प्रबंध समिति के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। माध्यमिक एवं प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक भी बैठक में मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *