
फतहनगर। नगर के
विद्या निकेतन विद्यालय में शुक्रवार को बसंत पंचमी एवं मां सरस्वती के अवतरण दिवस के शुभ अवसर पर विद्यारंभ संस्कार, सरस्वती पूजन एवं पाटी पूजन का कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में आगामी सत्र में नवीन प्रवेश लेने वाले तीन से पांच वर्ष की आयु के अट्ठारह बालक- बालिकाओं ने अपने माता-पिता के साथ कार्यक्रम में भाग लिया। वैदिक मंत्रोच्चार,तिलक,मौली बंधन,हवनाहुति,पोथी पूजन व पाटी पर ऊं,श्री, स्वस्तिक के लेखन के साथ ही नवीन बालक- बालिकाओं का स्वागत एवं विद्या आरंभ संस्कार किया गया। पूर्णाहुति,आरती एवं प्रसाद वितरण के बाद कार्यक्रम का समापन हुआ। इस अवसर संकुल प्रभारी गजेंद्रसिंह राजपूत, भाजयुमो मंडल अध्यक्ष गोवर्धन सोनी, विद्यालय स्टाफ सहित अभिभावकगण एवं मातृशक्ति उपस्थित रहे। प्रधानाध्यापक तुलसीराम लोहार ने नवीन बालक-बालिकाओं एवं जोड़े सहित पधारे अभिभावकों का स्वागत,अभिनंदन एवं आभार व्यक्त किया।

