फतहनगर। राजस्थान अधीनस्थ वन कर्मचारी संघ के प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुरेश चंद्र शर्मा ने चित्तौड़ सांसद सीपी जोशी को ज्ञापन सौंपकर विभाग में लंबे समय से लंबित पदोन्नति संबंधी मामलों एवं विभिन्न विसंगतियों के समाधान की मांग की है।
ज्ञापन में बताया गया कि पूर्व में भी संघ द्वारा विभिन्न माध्यमों से वन कर्मियों की समस्याओं, विशेषकर विभागीय पदोन्नति से जुड़े मुद्दों को उठाया गया था। संघ का कहना है कि विभाग स्तर पर इन मामलों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए, क्योंकि लंबे समय से पदोन्नति नहीं होने के कारण कर्मचारियों में निराशा का वातावरण है।
संघ ने आरोप लगाया कि विभागीय स्तर पर कुछ कमियां एवं प्रशासनिक विसंगतियां बनी हुई हैं, जिनके चलते पात्र कर्मचारियों को समय पर पदोन्नति का लाभ नहीं मिल पा रहा है। ज्ञापन में कहा गया कि कई वन कर्मचारी वर्षों से एक ही पद पर कार्यरत हैं और पांच वर्षों से अधिक समय बीत जाने के बावजूद उनकी पदोन्नति नहीं हो सकी है, जिससे कर्मचारियों का मनोबल प्रभावित हो रहा है।
संघ ने PCCF से मांग की है कि विभागीय पदोन्नति समिति (DPC) की प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण कर पात्र कर्मचारियों को पदोन्नति प्रदान की जाए तथा लंबित मामलों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। ज्ञापन के माध्यम से वन कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए आवश्यक निर्देश जारी करने का आग्रह भी किया गया है।

Leave a Reply