फतहनगर - सनवाड

लो वोल्टेज समस्या से राहत: फतहनगर में 5 नए ट्रांसफार्मर स्थापित

फतहनगर।
मावली उपखंड के नगर पालिका शहरी क्षेत्र फतहनगर में लंबे समय से चली आ रही लो वोल्टेज एवं ओवरलोड की समस्या से जूझ रहे उपभोक्ताओं को अब राहत मिलने लगी है। विद्युत विभाग द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए कस्बे के विभिन्न क्षेत्रों में पांच नए डिस्ट्रीब्यूशन ट्रांसफार्मर स्थापित किए गए हैं।

विभागीय जानकारी के अनुसार धूनी रोड, नवकार होटल क्षेत्र, पटेल स्टेडियम, वासनी माफी एवं जनता कॉलोनी में 160/100 केवीए क्षमता के ट्रांसफार्मर लगाए गए हैं। इन ट्रांसफार्मरों के स्थापित होने से संबंधित क्षेत्रों में लो वोल्टेज, ओवरलोड तथा बार-बार ट्रिपिंग की समस्या में सुधार होगा और उपभोक्ताओं को सुचारू विद्युत आपूर्ति मिल सकेगी।

कनिष्ठ अभियंता महिपाल सिंह ने बताया कि गर्मी के मौसम में बढ़ती विद्युत खपत के चलते कई क्षेत्रों में वोल्टेज की समस्या उत्पन्न हो रही थी। उपभोक्ताओं की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने प्राथमिकता के आधार पर इन स्थानों का चयन कर ट्रांसफार्मर स्थापित किए हैं।

इस कार्य में तकनीकी टीम एवं FRT टीम का विशेष सहयोग रहा। विभाग के सहायक अभियंता, अजमेर डिस्कॉम ने बताया कि भविष्य में भी जहां आवश्यकता महसूस होगी, वहां अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाने एवं विद्युत तंत्र को सुदृढ़ करने की कार्रवाई जारी रखी जाएगी।

स्थानीय नागरिकों ने विभाग की इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि अब उन्हें लो वोल्टेज की समस्या से काफी हद तक राहत मिलेगी और बिजली आपूर्ति अधिक स्थिर व भरोसेमंद बनेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *