Home>>फतहनगर - सनवाड>>लोकसभा चित्तौड़गढ़ का रणः सी.पी. के सामने बड़ी जीत का लक्ष्य तो आंजना जुटे पार्टी की प्रतिष्ठा बचाने,सी.पी.ने मावली विधानसभा क्षेत्र में किया धुआंधार प्रचार
फतहनगर - सनवाड

लोकसभा चित्तौड़गढ़ का रणः सी.पी. के सामने बड़ी जीत का लक्ष्य तो आंजना जुटे पार्टी की प्रतिष्ठा बचाने,सी.पी.ने मावली विधानसभा क्षेत्र में किया धुआंधार प्रचार

फतहनगर(विकास चावड़ा)। नाम वापसी के बाद लोकसभा चित्तौड़गढ़ के रण में डेढ़ दर्जन प्रत्याशी बचे हैं। मुख्य मुकाबला भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सी.पी.जोशी एवं कांग्रेस के पूर्व सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना के बीच है। सी.पी.जोशी पिछले लोकसभा चुनावों में भारी मतों से विजयी रहे थे। तब से लेकर अब तक परिस्थितियां काफी बदल चुकी है। भाजपा संगठन में अपने पद के अनुरूप सी.पी.जोशी अपनी पिछली जीत को बड़ा करने में जुटे हैं तो कांग्रेस के उदयलाल आंजना अपनी व पार्टी की साख को बचाने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं। सी.पी.जोशी की विधानसभा चुनावों में चन्द्रभानसिंह आक्या के साथ अदावत को संगठन ने दूर करने का प्रयास करके सी.पी. की जीत को आसान करने की दिशा में कदम बढ़ाया है। इतना ही नहीं मेवाड़ के कद्दावर नेता गुलाबचंद कटारिया से वैचारिक मतभेदों के चलते जनता सेना का गठन कर भाजपा की नाक में दम कर चुके रणधीरसिंह भीण्डर को पुनः पार्टी में लाकर अपना पक्ष मजबूत किया है। इसी के साथ मावली विधानसभा चुनावों में बागी होकर 32 हजार वोट बटोरने वाले कुलदीपसिंह चुण्डावत को भी पुनः पार्टी में लाकर पार्टी के भीतर एक जुटता का संदेश दिया है। ये तीन कारण है जो सी.पी. की जीत में अहम रोल अदा करने वाले हैं तो देशभर में चल रहा मोदी मैजिक भी बड़ा रोल निभा सकता है। कांग्रेस की ओर से आंजना को सोच समझ कर मैदान में उतारा गया है। आंजना पिछली सरकार में सहकारिता मंत्री रहे थे। हालांकि विधानसभा चुनावों में वो श्रीचंद कृपलानी से हार बैठे थे। आंजना के सामने चुनौती बहुत बड़ी है। देखना यह है कि आंजना और सी.पी. जोशी का मुकाबला कौन कितने अधिक वोटों से जीत पाता है।
इसी बीच बुधवार को भाजपा उम्मीद्वार सीपी जोशी ने मावली विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों में धुआंधार प्रचार किया। सी.पी.जोशी के साथ पूर्व विधानसभा अध्यक्ष शांतिलाल चपलोत,पूर्व विधायक दलीचंद डांगी,कपासन पूर्व विधायक बद्रीलाल जाट,मांगीलाल जोशी विधानसभा प्रभारी कृष्णगोपाल पालीवाल,देहात जिला अध्यक्ष चन्द्रगुप्तसिंह चैहान,दिनेश कावड़िया,रोशनलाल सुथार,मावली मण्डल अध्यक्ष कैलाश गाडरी समेत अन्य पार्टी के प्रमुख पदाधिकारी थे। सीपी जोशी ने सुबह 9 बजे भानसोल से अपना जन सम्पर्क शुरू किया। जावड़,थामला,वारणी,पलाना कलां,पलाना खुर्द, महुड़ा, सिन्दू,धोली मंगरी,माणकियावास, घासा,रख्यावल,सांगवा,वीरधोलिया, नूरड़ा, बांसलिया, खेमपुर,आमली,बड़गांव,ईंटाली एवं ढूंढिया में नुक्कड़ सभाएं व जन सम्पर्क किया गया। भारतीय जनता पार्टी की जयपुर पूर्व जिला प्रमुख श्रीमती मधु शर्मा आज विधानसभा दौरे मे फतहनगर-सनवाड मंडल में पधारने पर मंडल अध्यक्ष राधेश्याम बागला,खांडल विप्र समाज प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष कैलाश खंडेलवाल,विधानसभा आईटी संयोजक जगदीश पुरोहित,भाजपा कार्यकर्ता अनिल शर्मा,पिंटू शर्मा,बंशीलाल टेलर ने स्वागत किया। श्रीमती शर्मा ने सभी से पूरे मनोयोग से चुनाव प्रचार में लगने एवं अधिक से अधिक मतों से सी.पी.जोशी को विजयी बनाने जुट जाने का आग्रह किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!