वैदिक संस्कृति के संरक्षण हेतु वेदपीठ के प्रयासों की सराहना, आयोजन में शामिल होने का दिया आश्वासन
निम्बाहेड़ा। श्री शेषावतार कल्लाजी वेदपीठ द्वारा 1 से 8 जुलाई तक आयोजित होने वाले 21वें कल्याण महाकुंभ के लिए लोकसभा अध्यक्ष Om Birla को औपचारिक आमंत्रण दिया गया। श्री कल्लाजी मंदिर न्यास के पदाधिकारियों के प्रतिनिधिमंडल ने कोटा स्थित उनके कार्यालय पहुंचकर महाकुंभ में पधारने का विशेष आग्रह किया।
प्रतिनिधिमंडल ने भारतीय संस्कृति एवं परंपरा के अनुरूप लोकसभा अध्यक्ष का आत्मीय स्वागत करते हुए तुलसी माला पहनाई तथा उपरना एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्हें अष्टदिवसीय 21वें कल्याण महाकुंभ का निमंत्रण पत्र भी भेंट किया गया।
वेदपीठ के पदाधिकारियों ने महाकुंभ के धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक महत्व से अवगत कराते हुए बताया कि यह आयोजन क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र बन चुका है, जिसमें देशभर से संत-महात्मा, श्रद्धालु एवं धर्मप्रेमी बड़ी संख्या में भाग लेते हैं। महाकुंभ के दौरान यज्ञ, प्रवचन, भजन संध्या, धार्मिक अनुष्ठान एवं विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने निमंत्रण स्वीकार करते हुए आयोजन की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं तथा समय एवं कार्यक्रम की अनुकूलता के अनुसार महाकुंभ में शामिल होने का आश्वासन दिया। उन्होंने श्री शेषावतार कल्लाजी वेदपीठ द्वारा वैदिक संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि श्री कल्लाजी वैदिक विश्वविद्यालय की स्थापना भारतीय ज्ञान परंपरा को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं सराहनीय पहल है।
प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें मंदिर की गतिविधियों तथा महाकुंभ की तैयारियों की विस्तृत जानकारी भी दी। इस अवसर पर निंबाहेड़ा विधायक Chand Kripalani ने भी लोकसभा अध्यक्ष से कल्याणनगरी पधारने का आग्रह किया।
प्रतिनिधिमंडल ने विश्वास व्यक्त किया कि लोकसभा अध्यक्ष की गरिमामयी उपस्थिति से 21वें कल्याण महाकुंभ की भव्यता और अधिक बढ़ेगी तथा श्रद्धालुओं को नई प्रेरणा प्राप्त होगी।

Leave a Reply