फतहनगर - सनवाड

लदानी के टेरिया में देर रात चोरी, सरिये से वार कर चार तोला जेवर लूटे

फतहनगर।
फतहनगर थाना क्षेत्र के लदानी गाँव के टेरिया में शुक्रवार देर रात करीब 2 बजे अज्ञात चोरों ने एक मकान को निशाना बनाते हुए लूट की वारदात को अंजाम दिया। चोर करीब चार तोला सोने के जेवर लेकर फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार, टेरिया निवासी मांगीलाल डांगी (पिता हेमराज) अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे। इसी दौरान तीन-चार बदमाश दीवार कूदकर घर में घुस गए। चोरों ने पहले से योजना बनाकर वारदात को अंजाम दिया और आसपास के अन्य मकानों के दरवाजे बाहर से बंद कर दिए, ताकि कोई सहायता के लिए बाहर न निकल सके।

घर में घुसने के बाद एक बदमाश मांगीलाल के पास लोहे का सरिया लेकर खड़ा रहा, जबकि दूसरे चोर ने पास में सो रही वृद्धा दाखी बाई के कानों के टॉप्स और नथ झटके से खींचकर तोड़ लिए। इसके बाद पास ही सो रही वृद्धा लोगरी बाई के भी सोने के जेवर, नथ और मादलिया छीन लिए।

जेवर खींचने से दर्द के कारण वृद्धाएं चिल्लाने लगीं। आवाज सुनकर मांगीलाल की नींद खुल गई और वह उठकर बैठ गए। इसी दौरान पास खड़े चोर ने सरिये से उनके सिर पर वार कर दिया, जिससे वह घायल हो गए।

वारदात को अंजाम देने के बाद चोर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर फतहनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया।

घायल मांगीलाल को उपचार के लिए फतहनगर भेजा गया, जहां उनके सिर पर छह टांके लगाए गए और प्राथमिक उपचार दिया गया। शनिवार को घटना की जानकारी फैलते ही ग्रामीणों का घायलों का हालचाल जानने के लिए घर पर आना-जाना लगा रहा।

घटना की जानकारी स्वयं घायल मांगीलाल डांगी ने दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *