
चित्तौड़गढ़, 24 अप्रैल। कपासन पंचायत समिति की निंबाहेड़ा ग्राम पंचायत में गुरुवार रात्रि को आयोजित रात्रि चौपाल में क्षेत्रीय विधायक अर्जुन लाल जीनगर एवं जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने आमजन की समस्याएं सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। चौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे और विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया।
विधायक अर्जुन लाल जीनगर ने कहा कि जिला कलक्टर की अध्यक्षता में आयोजित चौपालों में शीघ्र समाधान होने से आमजन की समस्याओं में कमी आई है तथा सरकार की योजनाओं का लाभ सीधे पात्र व्यक्तियों तक पहुंच रहा है।
विधायक जीनगर ने शिक्षा विभाग सहित विभिन्न विभागों की समीक्षा करते हुए मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि निजी विद्यालयों का भी समय-समय पर निरीक्षण किया जाए, ताकि शिक्षा की गुणवत्ता सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि कुछ निजी विद्यालयों में शिक्षण स्तर में सुधार की आवश्यकता है, जिस पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।
जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने चौपाल में प्राप्त प्रत्येक परिवाद को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही कर त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
चौपाल में हैवी लाइन हटाने, गोरानाथ गौशाला क्षेत्र में सर्विस लाइन अथवा स्पीड ब्रेकर निर्माण, नहर एवं तालाब की मरम्मत, पट्टे जारी करने, विद्युत लाइनों को दुरुस्त करने, 11000 केवी लाइन हटाने, सड़क निर्माण, मंदिर परिसर में खुला बरामदा निर्माण तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास उपलब्ध कराने सहित विभिन्न समस्याएं ग्रामीणों द्वारा प्रस्तुत गईं।
इस दौरान विधायक एवं जिला कलक्टर ने विद्यालय के मेधावी एवं नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया। छात्राओं द्वारा पूछे गए प्रश्नों का उत्तर देते हुए जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने प्रेरणादायक संदेश देते हुए कहा कि वे स्वयं भी 3-4 किलोमीटर पैदल चलकर अध्ययन करने जाती थीं और निरंतर मेहनत एवं अभ्यास के बल पर ही इस मुकाम तक पहुंची हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित लेखन अभ्यास करने, पाठ्यपुस्तकों पर विशेष ध्यान देने तथा शॉर्टकट तरीकों से बचने की सलाह दी। उपखंड अधिकारी राजेश सुवालका ने भी विद्यार्थियों को राजस्थान प्रशासनिक सेवा की तैयारी से संबंधित उपयोगी जानकारी प्रदान की।
चौपाल में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विनय पाठक, उपखंड अधिकारी राजेश सुवालका सहित जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य भी मौजूद रहे।
जिला कलक्टर ने कपासन में श्यामा प्रसाद मुखर्जी समृद्धि उद्यान का किया निरीक्षण
पार्क में हरियाली बढ़ाने एवं साफ-सफाई व्यवस्था सुधारने के दिए निर्देश
जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने गुरुवार को कपासन क्षेत्र में आयोजित रात्रि चौपाल से पूर्व श्यामा प्रसाद मुखर्जी समृद्धि उद्यान का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पार्क की समग्र व्यवस्थाओं एवं विकसित किए गए वातावरण की सराहना की।
निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने पार्क परिसर में शौचालयों की स्थिति एवं साफ-सफाई व्यवस्था पर नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पार्क को अधिक आकर्षक एवं हरित बनाने के उद्देश्य से पौधे लगाने तथा हरी घास विकसित करने के निर्देश भी दिए।
जिला कलक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पार्क में आने वाले आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से सुनिश्चित की जाएं।
इस दौरान जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विनय पाठक, उपखंड अधिकारी राजेश सुवालका सहित संबंधित विभाग के अधिकारी मौजूद रहे ।
