फतहनगर - सनवाड

राजस्थान पुलिस ने यूथ CLG के लिए युवाओं से आमंत्रित किए आवेदन, फतहनगर के इच्छुक युवा करें संपर्क

फतहनगर। राजस्थान पुलिस द्वारा पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा युवाओं को समाज सेवा से जोड़ने के उद्देश्य से यूथ कम्युनिटी लाइजन ग्रुप (Youth Community Liaison Group-CLG) के लिए युवाओं को सदस्य बनने का अवसर दिया जा रहा है।

यूथ CLG के माध्यम से युवा पुलिस और समाज के बीच सेतु की भूमिका निभाएंगे। सदस्य बनने के लिए आवेदक की आयु 18 से 29 वर्ष के बीच होना आवश्यक है। साथ ही उसका चरित्र निष्कलंक होना चाहिए तथा किसी प्रकार का आपराधिक रिकॉर्ड नहीं होना चाहिए। एनसीसी, एनएसएस, खेल एवं सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रहे युवाओं को प्राथमिकता दी जाएगी।

यूथ CLG सदस्य विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में नशा मुक्ति, महिला सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूकता फैलाने, साइबर अपराधों से बचाव के लिए कार्यशालाएं आयोजित करने, संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस तक पहुंचाने, त्योहारों व सार्वजनिक आयोजनों में भीड़ प्रबंधन में सहयोग देने तथा आपदा के समय प्राथमिक सहायता एवं वृद्धजनों की मदद जैसे सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

राजस्थान पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह कोई सरकारी नौकरी नहीं है, बल्कि समाज सेवा और सामुदायिक पुलिसिंग का एक स्वैच्छिक मंच है। इससे युवाओं को पुलिस व्यवस्था को नजदीक से समझने, नेतृत्व क्षमता विकसित करने तथा समाज के लिए सकारात्मक योगदान देने का अवसर मिलेगा।

फतहनगर कस्बे के इच्छुक युवा यूथ CLG सदस्य बनने के लिए मोबाइल नंबर 8432700170 अथवा 02955-220014 पर संपर्क कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *