https://www.fatehnagarnews.com
लोकसभा चुनाव ने लिखी नई इबारत
फतहनगर। मावली विधानसभा के लोगों ने इस मर्तबा लोकसभा चुनाव के दौरान इतिहास रच दिया। यहां चुनाव दर चुनाव जीत-हार का फासला इतना बढ़ गया कि विरोधियों को भी समझ में नहीं आ रहा। बात करें मावली विधानसभा क्षेत्र की जहां पूर्व विधायक दलीचंद डांगी अपने समय में कांग्रेस के पुष्करलाल डांगी से करीब 23 हजार मतों से विजयी हुए थे। पिछले दिनों सम्पन्न विधानसभा चुनाव में भाजपा के धर्मनारायण जोशी कांग्रेस के पुष्करलाल डांगी से 28500 मतों से विजयी हुए जबकि सांसद के चुनावों के दौरान मतदाताओं की इतनी मान मनोव्वल भी नहीं हुई लेकिन फिर भी भाजपा के सी.पी.जोशी को मावली विधानसभा क्षेत्र से सर्वाधिक लीड 97हजार मतों की मिल गयी। विधानसभा चुनावों के मुकाबले तीन गुना अधिक मत मिलना सभी के लिए आश्चर्य से कम नहीं है। कांग्रेस के लोगों को तो यह समझ में ही नहीं आ रहा कि इतनी बढ़त कैसे मिल सकती है। वोटिंग भी कम नहीं हुई जिससे यह भी ना कह सकें कि कांग्रेस के मतदाता मत देने निकले ही नहीं। लोग घरों से स्वतः ही निकले तथा भाजपा के पक्ष में एक तरफा वोटिंग की। इसी का परिणाम रहा कि मावली से सी.पी.जोशी को भारी बढ़त मिली।
इधर केन्द्र में भाजपा को बहुमत मिलने एवं सी.पी. के दुबारा जीतने पर चंगेड़ी,ईंटाली, सनवाड़ समेत विभिन्न गांवों में लोंगों ने विजयी जुलूस निकाल कर अपनी प्रसन्नता व्यक्त की। फतहनगर-सनवाड़ पालिका क्षेत्र से भाजपा को सभी बूथों पर अच्छी खासी बढ़त मिली। विधायक धर्मनारायण जोशी,पालिकाध्यक्ष ज्ञानचंद पाटोदी,भाजपा मण्डल अध्यक्ष महेशचन्द्र सोनी,विधानसभा प्रभारी दिनेश कावड़िया,गणपतलाल स्वर्णकार आदि ने मावली विधानसभा क्षेत्र से एतिहासिक बढ़त मिलने पर मतदाताओं का आभार व्यक्त किया है।