
फतहनगर। पूरे भारत वर्ष में चल रहे गौ सम्मान आव्हान अभियान के तहत मंगलवार को मावली तहसील क्षेत्र में एक भव्य संकीर्तन रैली का आयोजन किया गया। इस दौरान तहसील के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में गौ प्रेमी, गौभक्त एवं सनातन धर्मावलंबी महिला-पुरुष पुराना बस स्टैंड मावली पर एकत्रित हुए।यहां से सभी श्रद्धालु संकीर्तन करते हुए रैली के रूप में तहसील कार्यालय पहुंचे, जहां तहसील अधिकारी को माननीय राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में प्रमुख रूप से गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा देने, गौवंश की सुरक्षा के लिए केंद्रीय कानून बनाने तथा पूरे देश में गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग रखी गई।रैली की विशेषता यह रही कि सभी प्रार्थना पत्रों को लाल कपड़े में बांधकर गौभक्तों ने अपने सिर पर धारण कर श्रद्धा भाव के साथ यात्रा की। इस दौरान साक्षात गौ माता, नंदी बाबा एवं भगवान की सजीव झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। ठाकुर जी की बेवाण ने भी श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।कार्यक्रम में संतजन, वयोवृद्ध, मातृशक्ति एवं युवा वर्ग ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पूरे मार्ग में भक्ति गीतों व कीर्तन से माहौल भक्तिमय बना दिया। रैली में विभिन्न हिंदू संगठनों का भी सक्रिय सहयोग रहा।कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी उपस्थित जनों का आभार व्यक्त करते हुए गौ संरक्षण के इस अभियान को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

