अन्नप्राशन एवं पुसंवन संस्कार भी हुए सम्पन्न
मावली (उदयपुर), 10 मई। अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में युगऋषि पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य एवं माता भगवती देवी शर्मा की सूक्ष्म प्रेरणा से जन्म शताब्दी वर्ष-2026 के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत रविवार को मावली क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धा एवं भक्ति के साथ “गृह-गृह गायत्री यज्ञ” आयोजित किए गए।
गायत्री नगर स्थित शिव मंदिर, श्री सत्यनारायण मंदिर एवं शनि देव मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ यज्ञ सम्पन्न हुए। इसके अलावा श्रद्धालु रमेशचंद्र विजयवर्गीय एवं चतुर किशोर पारीक के निवास स्थानों पर भी गायत्री यज्ञ आयोजित किए गए। यज्ञों के दौरान पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा एवं भक्तिमय भावनाओं से सराबोर रहा।
इस अवसर पर एक बालक का अन्नप्राशन संस्कार तथा दो बहनों का पुसंवन संस्कार भी विधि-विधान एवं वैदिक रीति-रिवाजों के साथ सम्पन्न कराया गया। शांतिकुंज के संस्कार अभियान के अंतर्गत नई पीढ़ी में नैतिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों के संवर्धन हेतु आयोजित इन संस्कारों में परिजनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।
गृह-गृह गायत्री यज्ञ का संचालन यज्ञाचार्य खुमा जी गुर्जर, जसवंत सिंह जी, देवीलाल जी गुर्जर, श्याम सुंदर शर्मा एवं घनश्याम साधक द्वारा किया गया।
आयोजन में मावली गायत्री परिवार के कार्यकर्ता हरीश दाधीच, श्रीमती नीलम दाधीच, श्रीमती अनिश शर्मा, महेश भट्ट, ओमप्रकाश खत्री, ललित बड़ गुर्जर, रणछोड़ पारिख एवं राजेंद्र भट्ट का विशेष सहयोग रहा।
जिला संयोजक नरेंद्र त्रिपाठी के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान का उद्देश्य जन-जन तक गायत्री मंत्र एवं यज्ञ की महिमा को पहुंचाना बताया गया। कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया गया तथा समाज की सुख-समृद्धि एवं मंगलकामना के लिए प्रार्थना की गई।

Leave a Reply