फतहनगर - सनवाड

महंत शिव शंकर दास के कर-कमलों से हुआ वार्ड 18 में भाजपा प्रत्याशी शैलेष पालीवाल के कार्यालय का उद्घाटन

फतहनगर (विकास चावड़ा)। नगरपालिका फतहनगर-सनवाड़ के चुनावी रण में वार्ड संख्या 18 का मुकाबला इस बार खासा रोचक नजर आ रहा है। वार्ड में लंबे समय तक पार्टी की राजनीति में साथ रहे दो युवा चेहरे अब अलग-अलग राजनीतिक दलों से आमने-सामने हैं। भाजपा प्रत्याशी शैलेष पालीवाल और कांग्रेस प्रत्याशी विकास लावटी के बीच सीधा मुकाबला होने से वार्ड 18 के चुनाव पर क्षेत्रवासियों की विशेष नजर बनी हुई है।

शनिवार को भाजपा प्रत्याशी शैलेष पालीवाल के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन मुद्गल वाटिका में अखाड़ा मंदिर के महंत शिव शंकर दास महाराज एवं गुरु लक्ष्मण सोलंकी के कर-कमलों से विधिवत रूप से किया गया। उद्घाटन अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने उपस्थित रहकर प्रत्याशी को चुनाव में विजय की शुभकामनाएं दीं।

शैलेष पालीवाल पूर्व में नगरपालिका में नेता प्रतिपक्ष की भूमिका निभा चुके हैं। इसके साथ ही वे द्वारकाधीश मंदिर विकास कमेटी के अध्यक्ष भी हैं। लोकसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थामा था। वहीं विकास लावटी कांग्रेस के प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में हैं। दोनों ही युवा चेहरे स्थानीय राजनीति में सक्रिय रहे हैं और अपने-अपने समर्थकों के बीच पकड़ रखते हैं। ऐसे में वार्ड 18 में होने वाला मुकाबला राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

कार्यालय उद्घाटन के दौरान भाजपा प्रत्याशी शैलेष पालीवाल ने कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों से चुनाव में पूरी ताकत के साथ जुटने का आह्वान किया। उन्होंने वार्ड के मतदाताओं से संपर्क कर क्षेत्र के विकास एवं जनसमस्याओं के समाधान को लेकर अपनी प्राथमिकताएं बताने की बात कही। कार्यक्रम में मौजूद कार्यकर्ताओं ने भी एकजुट होकर चुनाव प्रचार को गति देने का संकल्प व्यक्त किया।

इस अवसर पर भाजपा देहात जिला अध्यक्ष पुष्कर लाल तेली, जिला प्रभारी भंवर सिंह पंवार, चुनाव प्रभारी प्रेमचंद लोहार, विधानसभा प्रत्याशी कृष्ण गोपाल पालीवाल,भाजपा मंडल अध्यक्ष नितिन सेठिया, रोशनलाल सुथार, भंवर सोनी, मांगीलाल सांखला, संजय जैन, रितेश पोखरना, पंडित मुकेश शर्मा, मदनलाल टेलर, सुरेंद्र सिंह चुंडावत, मोनू सिंह गौड़, उमा देवड़ा सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे।

वार्ड 18 में दोनों प्रत्याशियों के बीच सीधा मुकाबला होने से आगामी दिनों में चुनाव प्रचार के दौरान राजनीतिक सरगर्मी और बढ़ने की संभावना है। मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए दोनों दलों के प्रत्याशी जनसंपर्क अभियान तेज करेंगे। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि वार्ड के मतदाता इस बार किस युवा चेहरे पर अपना भरोसा जताते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *