फतहनगर - सनवाड

भीषण गर्मी में बढ़ा बिजली संकट, उपभोक्ताओं से संयम बरतने की अपील

फतहनगर( विकास चावड़ा)। लगातार बढ़ती गर्मी के चलते विद्युत व्यवस्था पर दबाव बढ़ता जा रहा है, जिससे कई स्थानों पर लो वोल्टेज और बिजली आपूर्ति में व्यवधान की समस्या सामने आ रही है। इस संबंध में आमजन और उपभोक्ताओं से बिजली के सीमित एवं जिम्मेदार उपयोग की अपील की गई है।

जानकारी के अनुसार, अत्यधिक तापमान के कारण ट्रांसफार्मरों की अर्थिंग में बनी रहने वाली नमी सूख रही है, जिससे उनकी कार्यक्षमता प्रभावित हो रही है। इसके साथ ही गर्मी के मौसम में बिजली की मांग अचानक बढ़ने से लोड भी अधिक हो गया है। विशेष रूप से एयर कंडीशनर (AC) और अन्य विद्युत उपकरणों की संख्या बढ़ने से स्थिति और गंभीर हो गई है।

वहीं, क्षेत्र में सोलर पैनलों के बढ़ते उपयोग के कारण कुछ उपभोक्ताओं में बिजली बचत को लेकर उदासीनता भी देखी जा रही है, क्योंकि उन्हें कम बिल आने का आभास रहता है। यह प्रवृत्ति भी विद्युत तंत्र पर अतिरिक्त दबाव बना रही है।

विद्युत विभाग एवं जागरूक नागरिकों ने सभी उपभोक्ताओं से विनम्र अपील करते हुए कहा है कि वे आवश्यकता अनुसार ही बिजली का उपयोग करें। अनावश्यक रूप से चल रहे उपकरणों को बंद रखें और ऊर्जा संरक्षण में अपनी नैतिक जिम्मेदारी निभाएं।

उन्होंने कहा कि यदि सभी उपभोक्ता थोड़ी-सी सावधानी और जागरूकता दिखाएं, तो इस कठिन समय में बिजली व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में मदद मिल सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *