फतहनगर - सनवाड

भामाशाह हिरण परिवार द्वारा निर्मित हाईटेक विद्यालय का भव्य लोकार्पण सम्पन्न


फतहनगर।
उदयपुर जिले के मावली उपखण्ड क्षेत्र के खरताणा गांव में भामाशाह हिरण परिवार द्वारा अपने स्वर्गीय पिता की इच्छा के अनुरूप निर्मित अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित विशाल विद्यालय का सोमवार को भव्य लोकार्पण समारोह आयोजित हुआ। इस अवसर पर विद्यालय को शिक्षा विभाग को समर्पित किया गया।
कार्यक्रम में राजस्थान सरकार के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत, चित्तौड़गढ़ सांसद सी.पी. जोशी सहित शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि, शिक्षाविद, विद्यार्थी, अभिभावक, किसान, महिलाएं, वरिष्ठ नागरिक एवं पत्रकारों सहित हजारों की संख्या में लोग उपस्थित रहे।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने हिरण परिवार के इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह विद्यालय क्षेत्र के लिए मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने बताया कि शिक्षा के क्षेत्र में राजस्थान ने उल्लेखनीय प्रगति की है और राज्य 14वें स्थान से चौथे स्थान पर पहुंच चुका है। उन्होंने कहा कि सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों ने निजी स्कूलों की तुलना में बेहतर परिणाम दिए हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि कोई भी बच्चा अभाव के कारण शिक्षा से वंचित न रहे, इसके लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है। विद्यालयों में मोबाइल प्रतिबंध के अपने निर्णय का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि प्रारंभ में विरोध हुआ, लेकिन बाद में इसे सराहा गया। जर्जर विद्यालय भवनों के चरणबद्ध पुनर्निर्माण की बात करते हुए उन्होंने कहा कि भविष्य में भवन निर्माण एवं ध्वस्तीकरण की तिथि भी अंकित की जाएगी।
उन्होंने खरताणा विद्यालय को पीएम श्री योजना में शामिल करवाने का सुझाव दिया तथा बोर्ड परीक्षा केंद्र स्थापित करने एवं विभिन्न संकाय शुरू करने का आश्वासन दिया। साथ ही गांवों में शहरी क्षेत्रों की तर्ज पर सड़कों पर विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करने और मंदिरों को पट्टे देने की घोषणा भी की।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत ने ग्रामीणों की मांग पर खरताणा बांध में पानी की आवक सुनिश्चित करने के लिए प्रयास करने का आश्वासन दिया।


कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए सांसद सी.पी. जोशी ने कहा कि भामाशाह हिरण परिवार द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किया गया यह योगदान आने वाले समय में वरदान साबित होगा। उन्होंने कहा कि यह कार्य भामाशाह परंपरा को आगे बढ़ाने वाला है।
जोशी ने क्षेत्र में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए बताया कि पिछले 10 वर्षों में पांच सड़कों के लिए केंद्रीय निधि स्वीकृत हुई है। फतहनगर एवं मावली रेलवे स्टेशनों का विकास किया गया है तथा उदयपुर एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विकसित करने की दिशा में कार्य जारी है। उन्होंने बागोलिया बांध पर 200 करोड़ रुपये की स्वीकृति का भी उल्लेख किया तथा खरताणा बांध को भरने की मांग रखी। साथ ही जल जीवन मिशन के तहत मावली क्षेत्र को लाभ मिलने की उम्मीद जताई।
समारोह के दौरान भामाशाह हिरण परिवार का अतिथियों, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा सम्मान किया गया। कार्यक्रम का संचालन दिलीप त्रिपाठी ने किया। उपखण्ड अधिकारी मावली रमेशचंद्र सिरवी पुनाड़िया के मार्गदर्शन में शिक्षा विभाग के ब्लॉक व पंचायत स्तर के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सहयोग से कार्यक्रम सुव्यवस्थित रूप से सम्पन्न हुआ।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष पुष्कर लाल तेली, कृष्ण गोपाल पालीवाल, नरेन्द्र सिंह आसोलिया, रोशन लाल सुथार, कैलाश गाडरी, जीवन सिंह बोयणा, नितिन सेठिया, सुशील ओस्तवाल सहित मावली व घासा ब्लॉक के अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। शिक्षा विभाग की ओर से मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी प्रतिभा गुप्ता, विरेंद्र सिंह यादव, सीबीईओ मावली सुखलाल गुर्जर, गोपाल मेनारिया, विभिन्न पीईईओ, प्रधानाचार्य सहित शिक्षक संघों के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
भामाशाह हिरण परिवार ने समारोह के लिए भव्य मंच, पाण्डाल एवं उत्कृष्ट व्यवस्थाएं उपलब्ध कराते हुए सभी अतिथियों एवं संभागियों का आभार व्यक्त किया। साथ ही अतिथियों एवं जनप्रतिनिधियों का सम्मान भी किया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रेमशंकर सालवी एवं उनके साथियों ने शानदार प्रस्तुतियां देकर उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम को मावली विधायक पुष्कर लाल डांगी, विधानसभा प्रभारी कृष्ण गोपाल पालीवाल एवं मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी प्रतिभा गुप्ता सहित अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया।
समारोह का समापन आभार प्रदर्शन के साथ हुआ। यह आयोजन क्षेत्र में शिक्षा के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम के रूप में देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *