
फतहनगर। मावली तहसील के खरताना स्थित स्व. चांदमल भंवरलाल हिरण जैन राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के नव निर्मित भवन का भव्य लोकार्पण समारोह 4 मई को आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के एक दिन पूर्व 3 मई की शाम भव्य भक्ति संध्या का आयोजन रखा गया है।
विद्यालय भवन निर्माण कार्य पूर्णता की ओर है और अंतिम तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। इस आयोजन को लेकर हिरण परिवार सहित क्षेत्रवासियों में उत्साह का माहौल बना हुआ है। आसपास के गांवों में भी इस जनहितकारी कार्य की सराहना की जा रही है।
जानकारी देते हुए अखिल भारतीय हिंदी पत्रकार संघ महाराष्ट्र के अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय प्रवक्ता डी.यू. सेठिया ने बताया कि लोकार्पण समारोह में राजकीय, सामाजिक, औद्योगिक, पत्रकारिता एवं शिक्षा जगत से जुड़े अनेक गणमान्य अतिथियों के शामिल होने की संभावना है।
बताया गया कि स्व. चांदमल जी हिरण का सपना था कि क्षेत्र में शिक्षा के लिए एक उत्कृष्ट विद्यालय भवन का निर्माण हो। परिवार की मातृशक्ति कमलाबाई की प्रेरणा से पुत्र सुभाष चंद्र हिरण एवं नरेश चंद्र हिरण ने इस संकल्प को साकार करने का बीड़ा उठाया और विद्यालय भवन निर्माण कार्य पूर्ण कराया।
हिरण परिवार के इस प्रेरणादायक प्रयास को क्षेत्र में सेवा, संस्कार और शिक्षा के प्रति समर्पण का उदाहरण माना जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय भवन के लोकार्पण से क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिलेंगी और शिक्षा के क्षेत्र में नया अध्याय शुरू होगा।
