Home>>फतहनगर - सनवाड>>भामाशाह ओ.पी. अग्रवाल ने फतहनगर के राजकीय विद्यालय को लिया गोद, शिक्षकों की कमी पर जताई चिंता
फतहनगर - सनवाड

भामाशाह ओ.पी. अग्रवाल ने फतहनगर के राजकीय विद्यालय को लिया गोद, शिक्षकों की कमी पर जताई चिंता


फतहनगर। नगर के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, फतहनगर के लिए शनिवार का दिन महत्वपूर्ण रहा, जब उद्योगपति एवं भामाशाह ओ.पी. अग्रवाल ने विद्यालय को गोद लेने की घोषणा की। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में आयोजित संक्षिप्त कार्यक्रम में अध्यापक-अभिभावक परिषद, विद्यालय स्टाफ एवं नगरवासियों ने उनका अभिनंदन करते हुए बहुमान किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय प्रशासन ने शिक्षकों के रिक्त पदों की गंभीर समस्या को भी प्रमुखता से उठाया। बताया गया कि लंबे समय से व्याख्याता, वरिष्ठ अध्यापक, कम्प्यूटर अनुदेशक सहित कई महत्वपूर्ण पद खाली पड़े हैं, जिससे शैक्षणिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है और विद्यार्थियों की पढ़ाई पर सीधा असर पड़ रहा है।
प्रधानाचार्य श्रीमती सपना भार्गव ने जानकारी देते हुए बताया कि 4 अप्रैल 2026 को इस संबंध में राजस्थान सरकार के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर को पत्र भेजकर शीघ्र समाधान की मांग की गई है। विशेष रूप से बोर्ड कक्षाओं (10वीं एवं 12वीं) के विद्यार्थियों की पढ़ाई शिक्षकों की कमी के कारण प्रभावित हो रही है।
ज्ञापन के अनुसार विद्यालय में भौतिक विज्ञान, जीव विज्ञान, रसायन विज्ञान, वाणिज्य (दो पद), चित्रकला, हिन्दी, राजनीति विज्ञान, संस्कृत, इतिहास, भूगोल, उर्दू एवं अंग्रेजी जैसे विषयों के व्याख्याताओं के पद रिक्त हैं। इसके अलावा 1वरिष्ठ अध्यापक, 1 कम्प्यूटर अनुदेशक,3 चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी, प्रयोगशाला परिचारक एवं जमादार के पद भी खाली हैं।
प्रधानाचार्य ने बताया कि शिक्षकों की कमी के कारण नियमित कक्षाएं संचालित करना कठिन हो रहा है और कई विषयों में वैकल्पिक व्यवस्था के सहारे पढ़ाई करवाई जा रही है, जिससे विद्यार्थियों की परीक्षा तैयारी प्रभावित हो रही है।
विद्यालय प्रशासन ने छात्र हित को सर्वोपरि बताते हुए सरकार से शीघ्र नियुक्तियां करने या वैकल्पिक शिक्षण व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया है। वहीं, स्थानीय अभिभावकों और जनप्रतिनिधियों ने भी इस मुद्दे पर चिंता जताते हुए कहा कि यदि समय रहते समाधान नहीं हुआ तो परीक्षा परिणामों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
कार्यक्रम में समाजसेवी कैलाश अग्रवाल ‘अनमोल’, शैलेश पालीवाल, कैलाश खंडेलवाल, राधेश्याम बागला, सत्यनारायण अग्रवाल, भोम सिंह चुंडावत, हमीदा बानो, डॉ. जैनेंद्र कुमार जैन, विनोद धर्मावत, ओ.पी. टेलर, हितेश अग्रवाल, शंकर लाल चावड़ा, राजकुमार खंडेलवाल, दिनेश देवपुरा, अतुल कुमार दवे, विजय माली सहित बड़ी संख्या में नगरवासी एवं विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!