Home>>फतहनगर - सनवाड>>भाजपा का 47वां स्थापना दिवस देहात जिले में उत्साह के साथ मनाया
फतहनगर - सनवाड

भाजपा का 47वां स्थापना दिवस देहात जिले में उत्साह के साथ मनाया


वरिष्ठों का आशीर्वाद लेकर राष्ट्र पुनर्निर्माण का लिया संकल्प

उदयपुर। भारतीय जनता पार्टी उदयपुर देहात द्वारा पार्टी का 47वां स्थापना दिवस बलिचा स्थित भाजपा कार्यालय में भव्यता एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 8 बजे महंत अनुज महाराज के सानिध्य में भक्तिमय सुंदरकांड पाठ, हवन एवं छप्पन भोग प्रसाद अर्पण के साथ हुई, जो सुबह 11 बजे तक चला।

इसके पश्चात जनजाति मंत्री बाबू लाल खराड़ी, सांसद डॉ. मन्नालाल रावत, जिलाध्यक्ष पुष्कर तेली, कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एवं प्रदेश प्रकोष्ठ संयोजक विजेंद्र पुनिया तथा जिला सह संगठन प्रभारी जुगल किशोर द्वारा ध्वजारोहण किया गया।

दोपहर 12 बजे पार्टी सभागार में जनसंघ कालीन कार्यकर्ताओं एवं मीसा बंदियों के सम्मान में समारोह आयोजित हुआ। इस दौरान वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का पगड़ी, माला, अपराणा एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया तथा उनके आशीर्वाद से सेवा, समर्पण और संगठन विस्तार का संकल्प लिया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए जनजाति मंत्री बाबू लाल खराड़ी ने कहा कि आज देश के 21 राज्यों में भाजपा एवं उसके सहयोगी दलों की सरकारें हैं, जो पार्टी की विचारधारा, कार्यपद्धति और कार्यकर्ताओं के समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर का कार्यकर्ता ही भाजपा की असली ताकत और मूल पूंजी है, इसलिए कार्यकर्ताओं की संभाल करना संगठन का स्वभाव होना चाहिए। उन्होंने आगामी पंचायती राज एवं निकाय चुनावों में हर बूथ को मजबूत करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता विजेंद्र पुनिया ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय की राष्ट्रवादी सोच से प्रेरित भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र पुनर्निर्माण का संकल्प है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के त्याग, तपस्या और बलिदान से भाजपा आज विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बनी है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत की दिशा में आगे बढ़ रही है।

जिलाध्यक्ष पुष्कर तेली ने कहा कि भाजपा का परिवार निरंतर विस्तार कर रहा है और जनता की अपेक्षाएं भी बढ़ी हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे संगठन की संस्कृति और मूल्यों को बनाए रखते हुए हर बूथ को मजबूत करें तथा प्रत्येक परिवार तक भाजपा की विचारधारा पहुंचाएं।

समारोह को सांसद डॉ. मन्नालाल रावत, जिला सह संगठन प्रभारी जुगल किशोर, पूर्व जिलाध्यक्ष गुणवंत सिंह झाला, सुंदर लाल भानावत एवं डॉ. चंद्रगुप्त सिंह चौहान ने भी संबोधित किया।

इस अवसर पर सलूंबर विधायक शांता देवी मीणा, गोगुंदा विधायक प्रताप लाल गमेती, खेरवाड़ा विधानसभा प्रत्याशी नाना लाल अहारी, धरियावद से कन्हैया लाल मीणा, मावली से कृष्ण गोपाल पालीवाल, पूर्व विधायक दलीचंद डांगी, जिला महामंत्री ललित सिंह सिसोदिया, जिला उपाध्यक्ष चंद्रशेखर जोशी, कार्यक्रम संयोजक मोहब्बत सिंह राव, दीपक शर्मा सहित अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं वरिष्ठजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!