Home>>फतहनगर - सनवाड>>बेजुबान परिन्दों के लिए बने सहारा: बांसलिया स्कूल में लगाए मिट्टी के परिण्डे
फतहनगर - सनवाड

बेजुबान परिन्दों के लिए बने सहारा: बांसलिया स्कूल में लगाए मिट्टी के परिण्डे


फतहनगर।
भीषण गर्मी के दौर में बेजुबान पक्षियों को राहत देने के उद्देश्य से राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, बांसलिया में सराहनीय पहल की गई। प्रेम सांई सेवा संस्थान, मावली के सहयोग से विद्यालय के दोनों परिसरों में पक्षियों के लिए मिट्टी के परिण्डे (जल पात्र) बांधे गए।
कार्यक्रम के तहत यूथ एवं ईको क्लब प्रभारी प्रहलाद राय बड़गुर्जर ने जानकारी देते हुए बताया कि संस्थान द्वारा पिछले पांच वर्षों से लगातार “हर घर परिण्डा अभियान” चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य गर्मी के मौसम में पक्षियों को पानी उपलब्ध कराना और लोगों में जीव-जंतुओं के प्रति संवेदनशीलता विकसित करना है।
उन्होंने बताया कि केवल परिण्डे लगाने तक ही सीमित नहीं रहकर, विद्यार्थियों एवं स्टाफ को इन्हें प्रतिदिन पानी से भरने की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है, ताकि पक्षियों को नियमित रूप से पानी मिल सके।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य सुनील कुमार जोशी, उप प्राचार्य दीप्ति बाला यादव सहित समस्त शिक्षक-स्टाफ एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे पर्यावरण संरक्षण और जीव दया की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
विद्यालय परिवार ने संकल्प लिया कि भविष्य में भी ऐसे जन-जागरूकता अभियानों के माध्यम से समाज को सकारात्मक संदेश दिया जाता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!