फतहनगर - सनवाड

बगरू की घटना पर भड़के शैक्षिक महासंघ अध्यक्ष, बोले- विद्यालयों को राजनीति का केंद्र न बनने दें

उदयपुर। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ (ABRSM) के प्रदेशाध्यक्ष रमेश चन्द्र पुष्करणा ने बगरू (जयपुर) के एक विद्यालय में हुई मारपीट एवं विवाद की घटना पर चिंता जताते हुए विद्यालयों को राजनीतिक गतिविधियों से दूर रखने की मांग की है। उदयपुर स्थित सरस्वती शिक्षक भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि विद्यालय शिक्षा, संस्कार और विद्यार्थियों के विकास के केंद्र हैं, इन्हें राजनीति का अखाड़ा नहीं बनने दिया जाना चाहिए।

प्रेस वार्ता में प्रदेश उपाध्यक्ष अभय सिंह राठौड़, प्रदेश मंत्री रमेश चंद्र पुरोहित,संभाग संगठन मंत्री राजेंद्र सिंह सारंग देवोत,जिला अध्यक्ष पुष्पेंद्र सिंह झाला, जिला कोषाध्यक्ष सुनील कुमार मंडोवरा,वरिष्ठ उपाध्यक्ष करण सिंह, चंद्रशेखर चौधरी सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

पुष्करणा ने बगरू क्षेत्र के विद्यालय में ग्रामीणों एवं राजनीतिक दल के कार्यकर्ताओं के बीच हुए विवाद और मारपीट की घटना पर कहा कि इस प्रकार की घटनाओं से शिक्षकों एवं विद्यार्थियों में असुरक्षा की भावना पैदा होती है और विद्यालय का शैक्षणिक वातावरण प्रभावित होता है। उन्होंने कहा कि विद्यालय परिसर में जाकर विवाद खड़ा करना, वीडियो अथवा रील बनाना और माहौल को बिगाड़ना किसी भी स्थिति में उचित नहीं है।

उन्होंने कहा कि विद्यालयों की शैक्षणिक एवं भौतिक व्यवस्थाओं, शौचालय सहित अन्य सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए विभागीय एवं संवैधानिक व्यवस्थाएं मौजूद हैं। विद्यालय प्रबंध समिति (SMC/SDMC), मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (CBEO) तथा जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) के समक्ष समस्याएं रखकर संवाद के माध्यम से उनका समाधान कराया जाना चाहिए।

महासंघ ने राज्य सरकार एवं प्रशासन से मांग की कि विद्यालयों में राजनीतिक हस्तक्षेप पर प्रभावी रोक लगाई जाए तथा शिक्षकों और विद्यार्थियों के लिए भयमुक्त एवं सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित किया जाए। संगठन ने कहा कि शैक्षणिक एवं भौतिक समस्याओं का समाधान संवैधानिक मंचों और विभागीय अधिकारियों के साथ संवाद के माध्यम से ही किया जाना चाहिए, ताकि प्रदेश के विद्यालयों में शिक्षा का वातावरण सुरक्षित एवं सुचारु बना रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *