फतेहनगर। यदि किसी कारणवश परिजन अपने प्रियजनों की अस्थियों का तत्काल विसर्जन नहीं कर पा रहे हैं, तो अब उन्हें चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। मोक्ष धाम विकास कमेटी, फतेहनगर द्वारा अस्थि लॉकर की विशेष व्यवस्था शुरू की गई है, जिससे श्रद्धालुजन अस्थियों को सुरक्षित रूप से संरक्षित रख सकेंगे।
कमेटी के अनुसार, यह सुविधा उन लोगों के लिए अत्यंत उपयोगी है जो किसी कारणवश समय पर हरिद्वार या अन्य तीर्थ स्थलों पर जाकर अस्थि विसर्जन नहीं कर पाते। ऐसे में वे अपने परिजनों की अस्थियों को इस लॉकर में सुरक्षित रख सकते हैं और सुविधाजनक समय पर विधि-विधान से विसर्जन कर सकते हैं।
इस पुनीत कार्य के लिए यह अस्थि लॉकर व्यवस्था शिव गंगा परिवार (गोयल ट्रांसपोर्ट परिवार) के सौजन्य से उपलब्ध कराई गई है। कमेटी ने इसके लिए परिवार का आभार व्यक्त करते हुए इसे समाज सेवा की दिशा में सराहनीय पहल बताया है।
मोक्ष धाम विकास कमेटी ने नगरवासियों से अपील की है कि वे इस सुविधा का लाभ उठाएं और आवश्यकता पड़ने पर अस्थियों को सुरक्षित रखने के लिए इस व्यवस्था का उपयोग करें।

Leave a Reply