इंटरनेट ऑफ थिंग्स विषय पर शोध कार्य को मिली राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय पहचान
फतहनगर। क्षेत्र के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान फतह एकेडमी के निदेशक डॉ. अजय जैन को भूपाल नोबल्स विश्वविद्यालय द्वारा डॉक्टर ऑफ फिलॉसफी (पीएचडी) की उपाधि प्रदान की गई है। उनके शोध कार्य की सफलता पर शिक्षा जगत एवं क्षेत्र में हर्ष का वातावरण है।
डॉ. अजय जैन ने विश्वविद्यालय के कंप्यूटर विज्ञान एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. महिपाल सिंह देवड़ा के निर्देशन में “इंटरनेट ऑफ थिंग्स सुदृढ़ीकरण उद्यम स्थापना विश्लेषण” विषय पर शोध कार्य पूर्ण किया। शोध कार्य में आधुनिक तकनीक, डिजिटल नवाचार तथा इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT) के माध्यम से उद्यमों के विकास एवं सुदृढ़ीकरण के विभिन्न आयामों का विस्तृत अध्ययन किया गया।
डॉ. जैन के शोध कार्य को राष्ट्रीय ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सराहना मिली है। उनके शोध पत्र पूर्व में पोलैंड एवं वियतनाम जैसे देशों में प्रकाशित हो चुके हैं, जो उनके शोध की गुणवत्ता और उपयोगिता को दर्शाता है।
वर्तमान में डॉ. अजय जैन फतह एकेडमी, फतहनगर में निदेशक के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं तथा शिक्षा एवं तकनीकी नवाचार के क्षेत्र में निरंतर योगदान दे रहे हैं। उनकी इस उपलब्धि पर शिक्षकों, विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए शुभकामनाएं दी हैं।

Leave a Reply