
फतहनगर। शहर में पिछले दो दिनों से बंद पड़ी रोड लाइटों को लेकर अब जनसमस्याएं बढ़ने लगी हैं। इसी को लेकर मंडल एवं नगर कांग्रेस कमेटी, फतहनगर-सनवाड़ द्वारा नगर पालिका प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर जल्द समाधान की मांग की गई। ज्ञापन पालिका की अधिशासी अधिकारी छैल कुंवर चारण को सौंपा गया।
ज्ञापन में बताया गया कि नगर पालिका क्षेत्र की अधिकांश रोड लाइटें पिछले दो दिनों से बंद हैं, जिससे पूरे शहर की गलियां और सड़कें अंधेरे में डूबी हुई हैं। रात होते ही सन्नाटा छा जाता है और आमजन को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि अंधेरे के कारण चोरी-लूट जैसी घटनाओं की आशंका बढ़ गई है, जिससे आम नागरिकों, खासकर महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से मांग की है कि शहर की रोड लाइट व्यवस्था को शीघ्र चालू कराया जाए, ताकि नागरिकों को राहत मिल सके और शहर में सुरक्षा व्यवस्था बेहतर बनी रहे।
ज्ञापन के अंत में चेतावनी भी दी गई कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा। ज्ञापन देने वालों में मंडल अध्यक्ष धर्मेश चपलोत,नगर अध्यक्ष सत्यनारायण अग्रवाल, पूर्व पालिकाअध्यक्ष गोकल भील, भगवत सिंह राठौड़, मंडल महामंत्री ओम प्रकाश बारबर , निवर्तमान पार्षद सुनील मुंदड़ा, देवीलाल तेली, बंशीलाल कुमावत, निर्मल पाराशर, प्रभु लाल धाभाई,वैभव मारोठिया, रतनलाल भील, महेंद्र भील, नितेश पहाड़िया आदि कार्यकर्ता शामिल थे।
उल्लेखनीय है कि नगर पालिका पर रोड लाइटों का विद्युत खर्च डेढ़ करोड़ रुपया बकाया चल रहा है। इस बाकियात के चलते विद्युत विभाग ने कनेक्शन काट दिया था।
ज्ञापन देने के बाद आज शाम रोड़ लाइटें सुचारू कर दी गई।
