फतहनगर। फतहनगर-सनवाड़ नगरपालिका चुनाव में पार्टी प्रत्याशियों के चयन और टिकट वितरण को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष एवं भाजपा देहात जिला मंत्री ऋतु अग्रवाल का बयान सामने आया है। ऋतु अग्रवाल ने पार्टी आलाकमान और संगठन से अपील करते हुए कहा है कि नियमों के तहत जिस वर्ग का वार्ड आरक्षित या निर्धारित है, उसी वर्ग के प्रत्याशी को ही टिकट दिया जाना चाहिए।
ऋतु अग्रवाल ने बताया कि पत्रकारों के माध्यम से और क्षेत्रीय मीडिया में चल रही खबरों से यह बात सामने आ रही है कि फतहनगर- सनवाड़ नगरपालिका में सामान्य वर्ग के वार्डों में टिकट काटकर अन्य वर्गों में दिए जाने पर चर्चाएं तेज हैं।
‘संगठन के नियमों के अनुसार हो टिकट वितरण’ वीडियो संदेश जारी कर उन्होंने स्पष्ट किया:
“फतहनगर-सनवाड़ में कुल 25 वार्ड हैं, जिनमें से 4 वार्ड महिला सामान्य के लिए आरक्षित हैं। हमारी मांग है कि नियमों के अनुसार महिला सामान्य के चारों वार्डों में सामान्य वर्ग की महिला को ही प्रत्याशी बनाया जाए। पार्टी के नियमानुसार जिस वर्ग का सीट है (SC को SC, ST को ST, OBC को OBC और सामान्य को सामान्य), उसी वर्ग को प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए।”
विवाद और विरोध से पार्टी को नुकसान की जताई आशंका: उन्होंने कहा कि फतहनगर सनवाड़ क्षेत्र में संगठन और जनता के बीच बेहतर सामंजस्य बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। पिछले कुछ समय में पार्टी को जिन स्थानीय विरोधों का सामना करना पड़ा है, वैसी स्थिति दोबारा न बने। यदि सामान्य वर्ग का हक काटकर टिकट दिया जाता है, तो इससे सामान्य वर्ग में रोष व्याप्त होगा, जिसका सीधा असर पार्टी के जनाधार और वोट बैंक पर पड़ेगा।
ऋतु अग्रवाल ने अंत में आग्रह किया कि कार्यकर्ताओं की भावनाओं और पार्टी के दिशा-निर्देशों का सम्मान करते हुए प्रत्येक वर्ग के वार्ड में उसी वर्ग के निष्ठावान प्रत्याशी को अवसर दिया जाए, ताकि संगठन की एकजुटता बनी रहे।

Leave a Reply