फतहनगर - सनवाड

फतहनगर में होगा प्रधानमंत्री मोदी के ऐतिहासिक कार्यक्रम का लाइव प्रसारण, शहरी सेवा शिविर में होगा पट्टा वितरण**

फतहनगर। राजस्थान को 1.05 लाख करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात देने जा रहे प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के 4 जुलाई को पचपदरा (बालोतरा) में आयोजित होने वाले ऐतिहासिक कार्यक्रम का सीधा प्रसारण फतहनगर-सनवाड़ में भी किया जाएगा। इस अवसर पर नगर पालिका द्वारा विशेष आयोजन के साथ शहरी सेवा शिविर-2026 का आयोजन होगा, जिसमें पात्र नागरिकों को पट्टों का वितरण भी किया जाएगा।

स्थानीय कार्यक्रम श्री अम्बेश सौभाग्य मदन महासभागार, चतुर्बाग कॉलोनी, फतहनगर में आयोजित होगा। कार्यक्रम में मावली विधानसभा के प्रभारी एवं पूर्व प्रत्याशी कृष्ण गोपाल पालीवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। उनके साथ भाजपा एवं प्रशासन के वरिष्ठ पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और नागरिक भी शामिल होंगे।

भाजपा मंडल फतहनगर-सनवाड़ के अध्यक्ष नितिन सेठिया ने बताया कि प्रधानमंत्री के संबोधन का लाइव प्रसारण बड़ी एलईडी स्क्रीन के माध्यम से किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्र के सभी कार्यकर्ताओं, महिलाओं, युवाओं एवं आमजन से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में उपस्थित होकर विकास के इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बनने की अपील की है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार सुबह पचपदरा में आयोजित समारोह में 1 लाख 5 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन एवं लोकार्पण करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी मौजूद रहेंगे।

कार्यक्रम की प्रमुख घोषणाओं में 79 हजार करोड़ रुपये से अधिक की लागत से निर्मित राजस्थान रिफाइनरी का राष्ट्र को समर्पण, 13 हजार करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले जयपुर मेट्रो फेज-2 का शिलान्यास, यमुना जल परियोजना को गति, तथा 50 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नियुक्ति पत्रों का वितरण शामिल है।

फतहनगर में आयोजित स्थानीय कार्यक्रम के माध्यम से नागरिक न केवल प्रधानमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण देख सकेंगे, बल्कि शहरी सेवा शिविर के अंतर्गत विभिन्न जनकल्याणकारी सेवाओं एवं पट्टा वितरण का भी लाभ प्राप्त करेंगे। इससे क्षेत्र के नागरिकों में कार्यक्रम को लेकर विशेष उत्साह का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *