
फतहनगर। नगर में बिजली बचत और संसाधनों के सदुपयोग को लेकर सरकार लगातार आमजन को जागरूक करने का प्रयास कर रही है, लेकिन फतहनगर में हालात इसके विपरीत नजर आ रहे हैं। यहां आमतौर पर दिन के समय भी स्ट्रीट लाइटें जलती हुई देखी जा सकती हैं, जिससे बिजली की अनावश्यक बर्बादी हो रही है। इस स्थिति को लेकर नगरवासियों में रोष व्याप्त है तथा पालिका प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासनिक अमला स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को लेकर सजग नजर नहीं आता। कई वार्डों और मुख्य मार्गों पर दिन में भी रोड लाइटें चालू रहती हैं, जबकि इन्हें समय पर बंद करने की जिम्मेदारी संबंधित विभाग की है। बिजली बचाने के संदेश देने वाली सरकारी योजनाओं के बीच इस प्रकार की लापरवाही विरोधाभास पैदा कर रही है।
गौरतलब है कि कुछ समय पूर्व विद्युत वितरण निगम ने पालिका प्रशासन पर करीब डेढ़ करोड़ रुपये बकाया होने का हवाला देते हुए नगर की स्ट्रीट लाइटों के कनेक्शन काट दिए थे। इसके चलते नगरवासी दो दिन तक अंधेरे में रहने को मजबूर हुए थे। उस समय आमजन को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा था। इसके बावजूद अब तक प्रशासन ने व्यवस्था सुधारने की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए हैं।
नगर के विभिन्न वार्डों में लगाई गई पनघट योजनाओं को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। जानकारी के अनुसार कई स्थानों पर इन योजनाओं के कनेक्शन रोड लाइट लाइन से जोड़ रखे हैं। इससे न केवल पानी का दुरुपयोग हो रहा है, बल्कि बिजली की भी अनावश्यक खपत बढ़ रही है। नागरिकों का कहना है कि सार्वजनिक संसाधनों के इस प्रकार उपयोग पर निगरानी आवश्यक है।
इसी मामले को लेकर निवर्तमान पार्षद विनोद धर्मावत ने भी प्रशासन को सुझाव दिया था कि स्ट्रीट लाइटों को टाइमर सिस्टम से जोड़ा जाए, ताकि निर्धारित समय पर लाइटें स्वतः चालू और बंद हो सकें। इससे बिजली की बचत होगी तथा मानवीय लापरवाही भी कम होगी।
उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि नगर में स्थापित पनघटों पर हैंडपंप लगाए जाएं, जिससे लोग अपनी आवश्यकता अनुसार पानी निकाल सकें। इससे बिजली पर निर्भरता कम होगी और अनावश्यक विद्युत व्यय भी रुकेगा।
नगरवासियों ने मांग की है कि पालिका प्रशासन इस ओर गंभीरता से ध्यान दे तथा बिजली बचत के लिए तकनीकी उपाय लागू करे। समय रहते कदम नहीं उठाए गए तो पालिका पर आर्थिक भार बढ़ने के साथ-साथ आमजन को भविष्य में फिर समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।
