फतहनगर। शहर के सनवाड़ रोड स्थित शिव हॉस्पिटल के पास अब प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्र की शुरुआत हो गई है। केंद्र सरकार द्वारा अधिकृत इस केंद्र पर उच्च गुणवत्ता की जेनेरिक (अंग्रेजी) दवाइयां बाजार मूल्य से 50 से 90 प्रतिशत तक कम कीमत पर उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे आमजन को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
जन औषधि केंद्र पर मधुमेह, ब्लड प्रेशर, हृदय रोग, कोलेस्ट्रॉल, किडनी सहित विभिन्न बीमारियों की दवाइयां सस्ती दरों पर उपलब्ध हैं। इसके साथ ही इंसुलिन, ग्लूकोमीटर, सैनिटरी नैपकिन, मल्टीविटामिन, च्यवनप्राश और अन्य स्वास्थ्य संबंधी उत्पाद भी किफायती कीमतों में मिल रहे हैं।
केंद्र संचालकों के अनुसार ब्रांडेड दवाओं के मुकाबले यहां मिलने वाली दवाइयां गुणवत्ता में समान लेकिन कीमत में काफी सस्ती हैं। उदाहरण के तौर पर कई दवाइयां जो बाजार में 100 रुपये से अधिक में मिलती हैं, वे यहां 20 से 30 रुपये में उपलब्ध हैं।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इस केंद्र के खुलने से उन्हें अब महंगी दवाइयों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा और इलाज का खर्च काफी हद तक कम होगा। खासकर गरीब और मध्यम वर्ग के लोगों के लिए यह केंद्र किसी राहत से कम नहीं है।
जन औषधि केंद्र संचालकों ने बताया कि यहां सभी प्रकार की आवश्यक दवाइयों का स्टॉक उपलब्ध रखने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि मरीजों को एक ही स्थान पर सस्ती और गुणवत्तापूर्ण दवाइयां मिल सकें।
लोगों से अपील की गई है कि वे एक बार यहां आकर दवाइयों की कीमतों की तुलना करें और इस सुविधा का लाभ उठाएं।

Leave a Reply