गोगुंदा, 11 मई। भारतीय जनता पार्टी राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ सोमवार को उदयपुर देहात के एक दिवसीय दौरे पर गोगुंदा विधानसभा क्षेत्र के रावलिया कलां पहुंचे, जहां उन्होंने मुख्यमंत्री ग्राम विकास रथ अभियान में भाग लिया। गोगुंदा में पहली बार आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों, पुष्पवर्षा और पारंपरिक स्वागत के साथ उनका अभिनंदन किया।
रावलिया कलां स्थित जैन धर्मशाला में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष राठौड़ ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार तथा राज्य की भजन लाल शर्मा सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए सरकार का रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने रखा।
कार्यक्रम में राजस्थान सरकार के जनजाति मंत्री बाबू लाल खराड़ी की अध्यक्षता रही। वहीं सांसद डॉ. मन्नालाल रावत, विधायक प्रताप लाल गमेती, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं संभाग प्रभारी नाहर सिंह जोधा, भाजपा उदयपुर देहात जिलाध्यक्ष पुष्कर तेली सहित कई जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ हुआ।
अपने संबोधन में प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि यह केवल सरकारी दौरा नहीं बल्कि जनजागृति अभियान है। उन्होंने कहा कि सरकार ग्राम रथों के माध्यम से ‘ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट’ का प्रचार कर किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों और लाभकारी योजनाओं से जोड़ रही है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। हर गांव में पात्र व्यक्तियों की पहचान कर उनकी मॉनिटरिंग की जा रही है। राठौड़ ने कार्यकर्ताओं से राजनीति से ऊपर उठकर ऐसे लोगों को योजनाओं से जोड़ने का आह्वान किया जिनके पास पक्का मकान नहीं है या जो खाद्य सुरक्षा योजना से वंचित हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को ‘जनसेवक’ बनने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है ताकि वे ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के साथ कार्य कर सकें।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनजाति मंत्री बाबू लाल खराड़ी ने कहा कि ग्राम विकास चौपालों के माध्यम से शासन सीधे जनता के द्वार तक पहुंच रहा है। मुख्यमंत्री से लेकर सांसद, विधायक और संगठन के पदाधिकारी गांव-गांव जाकर समस्याओं का समाधान कर रहे हैं तथा पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि भजनलाल सरकार सजग और संवेदनशील सरकार है।
भाजपा जिलाध्यक्ष पुष्कर तेली ने कहा कि डबल इंजन की भाजपा सरकार ने गोगुंदा क्षेत्र के विकास में कोई कमी नहीं छोड़ी है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में ग्रामीण विकास की नई इबारत लिखी जा रही है।
इस दौरान कांग्रेस समर्थित चार सरपंचों सहित करीब 100 कार्यकर्ताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष चंद्रशेखर जोशी, जिला महामंत्री कन्हैयालाल मीणा, ललित सिंह सिसोदिया, लक्ष्मण सिंह झाला, विधानसभा रथ यात्रा प्रभारी दयालाल चौधरी, पप्पू राणा भील सहित भाजपा मंडलों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।


Leave a Reply