फतहनगर। प्रदेशभर में कोरोना के बीच शिक्षक अपने-अपने विद्यालयों में पौधारोपण कर अपने समय का सदुपयोग कर रहे हैं। इसी में मावली तहसील के चंगेड़ी स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय का अभियान माॅडल बन रहा है। शिक्षकों, ग्रामवासियों एवं बच्चों की लगन का ही परिणाम है कि सरकारी स्कूल में सर्वत्र पौधे ही पौधे नजर आ रहे हैं। बच्चों का योगदान कम नहीं आंका जा सकता। 12वीं कक्षा उत्तीर्ण बच्चों ने सजावटी पौधे मय पाॅट के विद्यालय परिवार को भेंट किए। इन पौधों को प्रार्थना सभा प्रांगण में करीने से लगाया गया जिसके बाद परिसर का सौंदर्य दमक उठा। आगन्तुक व्यक्ति के कदम जैसे ही परिसर में पड़ते हैं उसका मन प्रसन्न हो जाता है। इस अभियान में जिन लोगों का पैसा और श्रम लग रहा है उन्हें वह बधाई देना नहीं भूलता। सरकारी स्कूलों में लगन,त्याग और समर्पण का यहां अनूठा उदाहरण पेश किया जा रहा है।