
फतहनगर। नगर सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों में शुक्रवार को महिलाओं ने परिवार की सुख समृद्धि को लेकर दशा माता का पूजन एवं पीपल की परिक्रमा कर खुशहाली की कामना की। फतहनगर में द्वारिकाधीश मंदिर, अखाड़ा मंदिर, सेतुबंध रामेश्वर महादेव मंदिर,आवरी माता शक्तिपीठ,शनि मंदिर सहित धार्मिक स्थानों पर तड़के से ही महिलाएं दशामाता पूजन के लिए आती रही। पूजन उपरांत दशामाता की कहानियों का समूहों में श्रवण किया। गले में वेळ धारण की तथा व्रत इत्यादि का लाभ लिया। सनवाड़, इंटाली मे आज दशा माता का पूजन किया गया। सुबह से ही महिलाएं इसकी तैयारी में जुट गई। अपने घर आंगन को लीपकर सुबह 4बजे से महिलाएं सज धज कर हाथ में पूजन की थाली लिए गीत गाती हुई भगवान लक्ष्मी नारायण मंदिर चौक में पूजन के लिए पहुंच कर पूजन किया। वही गांव की औरतें पिपलेश्वर महादेव मंदिर चौक पहुंची तथा पूजन किया व परिवार की सुख समृद्धि की कामना की। इसके साथ ही विगत 10 दिनों से महिलाएं प्रतिदिन दशा माता की कथा कहानियां सुनती आ रही है जो आज दशा माता पूजन के साथ समाप्त हो गई।

