फतहनगर - सनवाड

पट्टों की मांग को लेकर कच्ची बस्ती के निवासियों ने निकाली रैली,शिविर में सुनाई व्यथा, पालिका ने स्वायत्त शासन विभाग से मांगा मार्गदर्शन


फतहनगर। नगर की कच्ची बस्ती, जिसे संजय कॉलोनी के नाम से भी जाना जाता है, के निवासियों ने वर्षों से लंबित पट्टों की मांग को लेकर बुधवार को रैली निकालकर अपनी आवाज बुलंद की। क्षेत्र की महिलाओं एवं पुरुषों ने हाथों में तख्तियां लेकर नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए नगरपालिका फतहनगर-सनवाड़ परिसर में आयोजित शहरी समस्या समाधान शिविर में पहुंचकर अधिकारियों के समक्ष अपनी व्यथा रखी।

बस्तीवासियों ने बताया कि वे पिछले करीब 40 वर्षों से इस क्षेत्र में मकान बनाकर निवास कर रहे हैं। यहां नगरपालिका का विधिवत वार्ड भी बना हुआ है तथा सभी नागरिक सुविधाओं का लाभ भी मिल रहा है, लेकिन आज तक उन्हें भूमि के पट्टे नहीं मिल पाए हैं। उन्होंने कहा कि कई बार मांग करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है।

उल्लेखनीय है कि संजय कॉलोनी की पूरी बस्ती चारागाह भूमि पर बसी हुई है। इसी कारण कानूनी और प्रशासनिक अड़चनों के चलते यहां के निवासी अब तक पट्टों से वंचित हैं। शिविर में बड़ी संख्या में पहुंचे बस्तीवासियों ने प्रशासन से मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए स्थायी समाधान की मांग की।

मौके पर उपस्थित नगरपालिका की अधिशाषी अधिकारी छैल कंवर चारण ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बस्तीवासियों के समक्ष ही स्वायत्त शासन विभाग के निदेशक को पत्र प्रेषित कर आवश्यक मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देश मांगे। उन्होंने आश्वस्त किया कि शासन स्तर से प्राप्त निर्देशों के अनुरूप नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

रैली और शिविर में बस्तीवासियों का उत्साह देखने योग्य था। लोगों ने एक स्वर में कहा कि चार दशक से अधिक समय से निवास करने के बावजूद पट्टों से वंचित रहना उनके लिए बड़ी समस्या है और वे इस मुद्दे के स्थायी समाधान की अपेक्षा रखते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *