फतहनगर - सनवाड

निकुंज वाटिका में भाजपा कार्यकर्ताओं का हंगामा, टिकट वितरण और भ्रष्टाचार को लेकर तीखी बहस


फतहनगर। निकुंज वाटिका में आयोजित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की एक बैठक के दौरान जमकर हंगामा होने का मामला सामने आया है। दोपहर लगभग 3:15 बजे हुई इस बैठक में करीब 40 से 50 कार्यकर्ता उपस्थित थे।
टिकट और भ्रष्टाचार पर उठा विवाद:
बैठक की शुरुआत में कार्यकर्ताओं ने निवर्तमान पालिका उपाध्यक्ष पर कथित भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए उनके विरोध में अपनी आवाज उठाई। कार्यकर्ताओं का कहना था कि एक व्यक्ति की वजह से पार्टी की छवि खराब हो रही है और नुकसान पहुंच रहा है, इसके बावजूद पार्टी उन्हें टिकट देने पर विचार क्यों कर रही है? कार्यकर्ताओं ने मांग रखी कि उन्हें पार्टी से निष्कासित किया जाए ताकि बोर्ड का बनना तय हो सके। हालांकि, नेताओं की ओर से यह कहा गया कि उन्हें टिकट देना पड़ेगा, जिस पर विवाद और बढ़ गया।
बयान पर भड़के कार्यकर्ता, धक्का-मुक्की तक पहुंची बात
बैठक के दौरान जब कार्यकर्ताओं ने भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाया, तो पूर्व जिलाध्यक्ष भंवर सिंह पंवार द्वारा दिया गया एक बयान विवाद की मुख्य वजह बन गया। कार्यकर्ताओं के अनुसार, भंवर सिंह ने कहा कि “जो पद पर बैठेगा, वह मलाई खाएगा” और “जिन्हें बोर्ड बिगाड़ना है बिगाड़ लो, नहीं बनाना तो मत बनाओ।” इस बयान से नाराज कार्यकर्ताओं ने तीखा विरोध शुरू कर दिया, जिसके बाद वहां धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई।
बैठक में मौजूद प्रमुख चेहरे
इस बैठक में भंवर सिंह पंवार और कृष्ण गोपाल के अलावा पूर्व मंडल अध्यक्ष मुन्नालाल लावटी,निखिल खेडेलवाल समेत कई कार्यकर्ता मौजूद थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्थिति को संभालने का प्रयास कृष्ण गोपाल द्वारा किया गया, जिन्होंने किसी भी प्रकार का विवादित बयान नहीं दिया और माहौल को शांत कराने की कोशिश की। निकुंज वाटिका की बैठक के बाद अगली बैठक केआरजी में आयोजित की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *