
फतहनगर। नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के साथ ही क्षेत्र के राजकीय विद्यालयों में एक बार फिर बच्चों की चहल-पहल और उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला। परीक्षा के बाद पुनः विद्यालय परिसर बच्चों की किलकारियों और उमंग से गूंज उठा। बुधवार को सत्रारंभ के पहले ही दिन विद्यार्थियों में नया जोश और उमंग नजर आया।
विद्यालयों का समय भी प्रातः 7:30 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक निर्धारित किया गया है, जिससे सुबह-सुबह ही बच्चे साफ-सुथरी वेशभूषा में किताबों का बैग लेकर विद्यालय पहुंचते दिखाई दिए। कई अभिभावक भी अपने बच्चों का हाथ थामे उन्हें प्रवेश दिलाने विद्यालय पहुंचे।
चंगेड़ी के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में सत्र के पहले दिन विशेष स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया। पहली कक्षा में प्रवेश लेने वाली एक नन्हीं बालिका का पारंपरिक तरीके से तिलक लगाकर एवं ऊपरना ओढ़ाकर आत्मीय स्वागत किया गया। इस मौके पर विद्यालय परिवार ने बालिका के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उसे प्रेरित किया।
इसी के साथ विद्यार्थियों को निशुल्क पाठ्य पुस्तकों का वितरण भी प्रारंभ किया गया। पुस्तकालय अध्यक्ष राकेश कुमार मीणा द्वारा बच्चों को नई किताबें वितरित की गईं। नई किताबें हाथ में मिलते ही बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे और वे उत्साहपूर्वक अपने साथियों को पुस्तकें दिखाते नजर आए।
विद्यालय स्टाफ ने भी विद्यार्थियों का हौसला बढ़ाते हुए उन्हें नए सत्र में नियमित अध्ययन, अनुशासन और उत्कृष्ट परिणामों के लिए प्रेरित किया। शिक्षकों ने बच्चों को बताया कि यह नया सत्र उनके जीवन में नई संभावनाओं और सफलताओं के द्वार खोलेगा।
समूचे विद्यालय परिसर में पहले ही दिन उत्सव जैसा माहौल रहा, जहां बच्चों की मुस्कान और शिक्षकों का स्नेह एक नई शुरुआत का संकेत दे रहा था।

