फतहनगर - सनवाड

द्वारिकाधीश मंदिर में हिंडोलना मनोरथ, गुलाबी छटा में विराजे प्रभु,दर्शन के लिए उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, संध्या आरती में गूंजे जय श्री कृष्ण के जयकारे

फतहनगर। ( शंकर लाल चावड़ा ) पवित्र श्रावण मास के उपलक्ष्य में कस्बे के प्रसिद्ध श्री द्वारकाधीश मंदिर में चल रहे हिंडोलना मनोरथ उत्सव के तहत मंगलवार को ठाकुरजी को मनोहारी गुलाबी छटा में सजाया गया। आकर्षक गुलाबी हिंडोले पर विराजमान प्रभु श्री द्वारकाधीश के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी।

मनोरथ के तहत भगवान को गुलाबी रंग के लहरिया एवं बांधनी प्रिंट के वस्त्रों तथा गोटा-पट्टी से सुसज्जित भव्य हिंडोले में विराजित किया गया। प्रभु ने गुलाबी पोशाक धारण की, वहीं पीली एवं लाल पुष्प मालाओं से उनका आकर्षक श्रृंगार किया गया।

हिंडोले की पृष्ठभूमि में काले रंग के वस्त्र पर सुनहरी एवं चांदी की गायों की कतारबद्ध आकृतियों से की गई कलात्मक सजावट विशेष आकर्षण का केंद्र रही। हिंडोले के दोनों ओर गुलाबी एवं पीले परिधानों में सजी सखियों की प्रतिमाएं चंवर डुलाते हुए प्रभु की सेवा में लीन दिखाई दीं। पार्श्व में गुलाबी वस्त्रों से सुसज्जित स्तंभ तथा अग्रभाग में बिछी सुंदर कालीन पर रखी मोर एवं हाथी की धातु प्रतिमाओं ने मनोरथ की शोभा और बढ़ा दी।

मंदिर के पुजारी सत्यनारायण पालीवाल एवं कमल पालीवाल ने बताया कि श्रावण मास के दौरान प्रतिदिन प्रभु श्री द्वारकाधीश को विभिन्न भाव, रंग एवं प्राकृतिक वस्तुओं से तैयार अलग-अलग हिंडोलों में विराजित कर मनोरथ कराया जा रहा है। मंगलवार को गुलाबी छटा के मनोरथ में श्रद्धालुओं ने प्रभु के मनोहारी स्वरूप के दर्शन कर आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति की।

संध्या आरती के दौरान मंदिर परिसर ‘जय श्री कृष्ण’ के जयकारों से गुंजायमान हो उठा। आरती के पश्चात श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *