फतहनगर - सनवाड

डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर भाजपा ने दी श्रद्धांजलि

फतहनगर। भारतीय जनसंघ के संस्थापक एवं प्रखर राष्ट्रवादी विचारक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर भाजपा मंडल फतहनगर-सनवाड़ की ओर से मंगलवार को रोडवेज बस स्टैंड स्थित उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा उनके राष्ट्रहित में दिए गए योगदान को याद किया।

सभा को संबोधित करते हुए मंडल अध्यक्ष नितिन सेठिया ने कहा कि डॉ. मुखर्जी केवल एक राजनेता ही नहीं, बल्कि दूरदर्शी शिक्षाविद, कुशल प्रशासक और प्रखर राष्ट्रवादी थे। उन्होंने शिक्षा, उद्योग और राष्ट्रीय एकता को सुदृढ़ बनाने के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित किया।

वक्ताओं ने कहा कि 23 जून 1953 को जम्मू-कश्मीर में परमिट व्यवस्था और अनुच्छेद 370 के विरोध में संघर्ष करते हुए डॉ. मुखर्जी ने अपना सर्वोच्च बलिदान दिया था। उनका दिया गया नारा “एक देश में दो विधान, दो प्रधान, दो निशान नहीं चलेंगे” आज भी देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की प्रेरणा देता है।

इस अवसर पर उपस्थित कार्यकर्ताओं ने डॉ. मुखर्जी के सपनों के अनुरूप सशक्त, समृद्ध और अखंड भारत के निर्माण का संकल्प दोहराया तथा राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने का प्रण लिया।

कार्यक्रम में भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा उदयपुर देहात जिलाध्यक्ष मुकेश कुमार खटीक, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष ऋतु अग्रवाल, महामंत्री अशोक मोर, रोशन लाल खटीक, निवर्तमान पार्षद गजेन्द्र सिंह रावल, सोहनलाल खटीक, ओबीसी मोर्चा जिला महामंत्री दीपक बड़गुर्जर, ओमप्रकाश टेलर, भंवरलाल सोनी, राजेन्द्र मोर, घनश्याम मंगल, शैलेश मीणा, उमादेवी देवड़ा, रीतेश पोखरना, चिराग चंडालिया, संजय विश्लोत, जगदीश तेली, श्रेयांश पोखरना, फतेहसिंह, राकेश प्रजापत सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *