Home>>फतहनगर - सनवाड>>टेंपो की टक्कर से टूटा बिजली का खंभा, नाकोड़ा नगर में 18 घंटे रही अंधेरे की मार
फतहनगर - सनवाड

टेंपो की टक्कर से टूटा बिजली का खंभा, नाकोड़ा नगर में 18 घंटे रही अंधेरे की मार


फतहनगर।
शहर के चंगेड़ी मार्ग पर गुरुवार शाम हुए एक हादसे के चलते नाकोड़ा नगर क्षेत्र के लोगों को पूरी रात बिना बिजली के गुजारनी पड़ी। करीब 18 घंटे बाद शुक्रवार को दिन में जाकर विद्युत आपूर्ति बहाल हो सकी।
मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार शाम करीब 6 बजे विश्राम घाट के समीप एक खाली टेंपो अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि खंभा टूटकर सीधे टेंपो पर ही गिर गया। बताया जा रहा है कि टेंपो चालक अचानक अस्वस्थ हो गया, जिससे वाहन पर उसका नियंत्रण हट गया और यह हादसा हो गया।
गनीमत यह रही कि टेंपो में चालक के अलावा कोई अन्य सवार नहीं था और खंभा गिरने के बावजूद बिजली के तार वाहन के संपर्क में नहीं आए, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने विद्युत विभाग को सूचना दी। विभागीय कर्मचारी मौके पर पहुंचे और देर रात तक विद्युत आपूर्ति बहाल करने के प्रयास जारी रहे, लेकिन खंभा पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण नाकोड़ा नगर क्षेत्र की बिजली चालू नहीं हो सकी।
इस कारण क्षेत्रवासियों को पूरी रात अंधेरे में रहना पड़ा, जिससे उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। शुक्रवार को दिन में नया खंभा स्थापित करने के बाद ही इस क्षेत्र में बिजली आपूर्ति सुचारू रूप से बहाल हो पाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!