फतहनगर। नगर के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के सामने स्थित गली में रविवार रात अज्ञात चोरों ने एक ज्वेलर्स के मकान को निशाना बनाते हुए करीब 70 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण एवं अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। घटना की जानकारी सोमवार सुबह होने पर क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ज्वेलरी व्यवसायी सुरेश चंद्र सोनी के मकान में देर रात अज्ञात बदमाश घुस गए। चोरों ने घर के भीतर रखी अलमारियों और तिजोरियों के ताले तोड़ दिए तथा पूरे मकान का सामान अस्त-व्यस्त कर दिया। बदमाशों ने अलमारी में रखे सोने एवं चांदी के आभूषणों सहित अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार चोरी गए माल की कीमत करीब 70 लाख रुपये बताई जा रही है।
सुबह जब परिवार के लोगों ने घर का सामान बिखरा हुआ देखा तो चोरी की वारदात का पता चला। इसके बाद व्यवसायी सुरेश चंद्र सोनी ने तत्काल फतहनगर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मौका पर्चा तैयार कर मामले की प्रारंभिक रिपोर्ट दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है।
घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। प्रारंभिक जांच में एक कैमरे में देर रात एक संदिग्ध व्यक्ति गली से गुजरता हुआ दिखाई दिया है। पुलिस फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
नगर में हुई इस बड़ी चोरी की घटना से व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों में चिंता का माहौल है। लोगों ने पुलिस से शीघ्र आरोपियों की गिरफ्तारी तथा चोरी गए माल की बरामदगी की मांग की है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है तथा जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।


Leave a Reply