फतहनगर। भीषण गर्मी के कारण इन दिनों साँपों का अपने प्राकृतिक आवास और बिलों से निकलकर आबादी वाले क्षेत्रों की ओर आने का सिलसिला बढ़ गया है। शनिवार को फतहनगर के नाकोड़ा नगर क्षेत्र में एक करीब छह फीट लंबे साँप के घर में घुस आने से कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर स्नेक कैचर ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षित रेस्क्यू करते हुए साँप को जंगल में छोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार नाकोड़ा नगर निवासी शंकर लाल चावड़ा के घर में ठंडक की तलाश में एक साँप घुस आया। घर में रखी वाशिंग मशीन के नीचे उसकी पूँछ दिखाई देने पर परिवार के लोगों ने घबराने के बजाय सूझबूझ का परिचय दिया और तुरंत स्थानीय स्नेक कैचर मुकेश सुथार को सूचना दी।
सूचना मिलते ही मुकेश सुथार मौके पर पहुंचे और सावधानीपूर्वक करीब छह फीट लंबे साँप का सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया। रेस्क्यू के दौरान उन्होंने यह सुनिश्चित किया कि न तो साँप को कोई नुकसान पहुँचे और न ही आसपास मौजूद लोगों को किसी प्रकार का खतरा हो। इसके बाद साँप को आबादी से दूर सुरक्षित जंगल क्षेत्र में छोड़ दिया गया।
मुकेश सुथार क्षेत्र के प्रसिद्ध स्नेक कैचर गोविंद लाल सुथार के पुत्र हैं। उन्हें साँपों के सुरक्षित रेस्क्यू की यह कला अपने पिता से विरासत में मिली है। वे समय-समय पर क्षेत्र में निकलने वाले साँपों एवं अन्य वन्यजीवों का सुरक्षित रेस्क्यू कर उन्हें उनके प्राकृतिक आवास में छोड़ते रहे हैं, जिससे वन्यजीव संरक्षण के साथ-साथ लोगों की सुरक्षा भी सुनिश्चित होती है।
वन्यजीव जानकारों के अनुसार गर्मी के मौसम में अत्यधिक तापमान के कारण साँप अक्सर ठंडक और पानी की तलाश में घरों, बगीचों, गोदामों तथा अन्य छायादार स्थानों की ओर चले आते हैं। ऐसे में यदि किसी घर या आसपास साँप दिखाई दे तो उसे मारने या स्वयं पकड़ने का प्रयास नहीं करना चाहिए। तुरंत प्रशिक्षित स्नेक कैचर या वन विभाग को सूचना देकर सुरक्षित रेस्क्यू कराना ही सबसे उचित और सुरक्षित उपाय है।
छह फीट लंबे साँप का सुरक्षित रेस्क्यू, जंगल में छोड़ा

Leave a Reply