फतहनगर - सनवाड

गोयल हॉस्पिटल में नर्सिंग कर्मचारियों का सम्मान समारोह आयोजित


फतहनगर। अंतरराष्ट्रीय नर्सिंग दिवस के अवसर पर गोयल हॉस्पिटल में मंगलवार को गरिमामयी सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन गोयल हॉस्पिटल, मेडिकेयर लैब ग्रुप एवं सोनो लैब के संयुक्त तत्वावधान में हुआ। इस दौरान संस्थान से जुड़े सभी नर्सिंग कर्मचारियों का उपरना एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. जयेश त्रिवेदी ने कहा कि नर्सिंग सेवा केवल एक पेशा नहीं, बल्कि मानवता की सच्ची सेवा है। उन्होंने नर्सिंग स्टाफ से सेवा, समर्पण और संवेदनशीलता के साथ मरीजों की देखभाल करने का आह्वान करते हुए कहा कि मरीजों के प्रति सहानुभूति और सकारात्मक व्यवहार ही चिकित्सा सेवा की सबसे बड़ी ताकत है।
समारोह की अध्यक्षता श्रीमती रानी कुंवर भाटी ने की। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि नर्स मरीजों के उपचार की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी होती हैं और उन्हें दिन-रात निष्ठा एवं समर्पण के साथ सेवा कार्य करना चाहिए। उन्होंने सभी नर्सिंग कर्मचारियों को अपने कार्य को मानव सेवा का माध्यम मानते हुए आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में अतिथियों एवं स्टाफ सदस्यों ने नर्सिंग सेवा के महत्व पर विचार व्यक्त करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं में नर्सिंग कर्मचारियों की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। समारोह के दौरान सभी नर्सिंग कर्मचारियों के सेवा कार्यों की सराहना की गई।
कार्यक्रम का वातावरण उत्साह, सम्मान और प्रेरणा से ओतप्रोत रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *