फतहनगर - सनवाड

गृह-गृह गायत्री यज्ञ का आयोजन, पुसंवन संस्कार भी हुए सम्पन्न

मावली (उदयपुर)। अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में युग ऋषि पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य एवं माता भगवती देवी शर्मा की सूक्ष्म उपस्थिति में जन्म शताब्दी वर्ष (2026) के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत रविवार, 17 मई 2026 को मावली क्षेत्र के गुर्जरों की भागल (लोपड़ा) में ‘गृह-गृह गायत्री यज्ञ’ का भव्य आयोजन किया गया।

इस अवसर पर गांव के पांच स्थानों पर एक साथ यज्ञ आयोजित किए गए, जहां श्रद्धालुओं ने पूरे विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ आहुतियां दीं। भक्ति, श्रद्धा और शुचिता से ओत-प्रोत वातावरण में आयोजित इस यज्ञ से पूरा क्षेत्र आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर हो गया।

यज्ञ आयोजन के दौरान दो बहनों का पुसंवन संस्कार भी विधिवत सम्पन्न कराया गया। शांतिकुंज के सिद्धांतों के अनुरूप नई पीढ़ी में संस्कारों के बीजारोपण के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में परिजनों एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।

गृह-गृह गायत्री यज्ञ का संचालन यज्ञाचार्य खुमा गुर्जर, नरेंद्र त्रिपाठी, जसवंत सिंह, श्याम सुंदर शर्मा एवं अजय द्वारा किया गया। इस आयोजन में मावली गायत्री परिवार के तहसील समन्वयक खुमा गुर्जर का विशेष सहयोग रहा।

जिला संयोजक नरेंद्र त्रिपाठी के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान का उद्देश्य शताब्दी वर्ष के अंतर्गत अनुयाज कार्यक्रमों के माध्यम से जन-जन तक गायत्री मंत्र एवं यज्ञ की महिमा को पहुंचाना है।

कार्यक्रम के अंत में सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया गया तथा समाज की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *