Home>>फतहनगर - सनवाड>>ऐतिहासिक पल का साक्षी बनेगा मरतड़ी ग्राम,बागोलिया बांध फीडर नहर का शिलान्यास कल
फतहनगर - सनवाड

ऐतिहासिक पल का साक्षी बनेगा मरतड़ी ग्राम,बागोलिया बांध फीडर नहर का शिलान्यास कल

फतहनगर। दशकों से लंबित किसानों और ग्रामीणों की सबसे बड़ी मांग अब पूरी होने जा रही है। बडियार के मरतड़ी गांव स्थित बागोलिया बांध को भरने के लिए प्रस्तावित नहर (फीडर) का शिलान्यास आज 25 सितम्बर को दोपहर 1 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वर्चुअल माध्यम से किया जाएगा। करीब 200 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली यह परियोजना बागोलिया बांध में पानी की स्थायी उपलब्धता सुनिश्चित करेगी।
इस ऐतिहासिक अवसर पर क्षेत्र के वरिष्ठ नेता, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद शांतिलाल चपलोत ने कहा कि “यह वह दिन है जिसका इंतजार पूरे क्षेत्र ने वर्षों तक किया है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा एवं सांसद श्री सी.पी. जोशी ने जिस दूरदर्शिता से किसानों के हित में कदम उठाया है, वह मेवाड़ के विकास में मील का पत्थर साबित होगा।”
60 वर्षों पुरानी मांग का समाधानः
चपलोत ने बताया कि स्थानीय ग्रामीण और किसान लंबे समय से बागोलिया बांध को भरने के लिए फीडर नहर की मांग करते आ रहे थे। लगभग छह दशकों से लंबित इस मांग को अब हकीकत का रूप मिलने जा रहा है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने एक वर्ष पूर्व इस घोषणा को साकार करने का वादा किया था, जो अब धरातल पर उतर रहा है।
नई चंडीगढ़ ट्रेन पर भी जताया आभारः
चपलोत ने हाल ही में उदयपुर से नई उदयपुर-चंडीगढ़ ट्रेन सेवा प्रारंभ करने के निर्णय के लिए भी प्रधानमंत्री एवं रेल मंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह सुविधा पर्यटन, व्यापार और शिक्षा के क्षेत्र में मेवाड़ को नई गति देगी।
ग्रामीणों में हर्ष की लहरः
बागोलिया बांध फीडर नहर के शिलान्यास की खबर से पूरे मावली क्षेत्र में हर्ष की लहर है। ग्रामीणों का मानना है कि यह नहर उनकी जीवन रेखा बनेगी और कृषि क्षेत्र को स्थायी मजबूती प्रदान करेगी। इस नहर के निर्माण से किसानों को सिंचाई की समस्या से राहत मिलेगी। भूमिगत जलस्तर में सुधार होगा तथा क्षेत्र की कृषि उत्पादकता में वृद्धि होगी। इस योजना से आने वाली पीढ़ियाँ भी लाभान्वित होंगी।
बागोलिया बांध फीडर नहर के लिए चपलोत स्वयं इस दिशा में लगातार प्रयासरत रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!