फतहनगर - सनवाड

आनंद नगर में आज सजेगा खाटू श्याम का भव्य दरबार, देर रात तक गूंजेंगे भक्ति रस से सराबोर भजन

उदयपुर, 22 जून। “करने वाला श्याम, कराने वाला श्याम” परिवार के तत्वावधान में सोमवार को आनंद नगर स्थित यूनिवर्सिटी रोड पर आनंद प्लाजा के समीप श्री राधा-कृष्ण मंदिर प्रांगण में विशाल खाटू श्याम भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम रात्रि 8:15 बजे से शुरू होगा, जिसमें खाटू श्याम प्रभु के भक्त भजनों की सरिता में डूबकर भक्ति रस का आनंद लेंगे।

श्याम भक्त नारायण अग्रवाल ने बताया कि आयोजन स्थल पर बाबा श्याम के शीश का भव्य दरबार सजाया जाएगा। रजत एवं स्वर्ण आभूषणों के साथ ही हीरे, मोती, माणिक्य और नवरत्नों से विशेष श्रृंगार किया जाएगा। देसी-विदेशी पुष्पों से आकर्षक बागा तैयार कर उस पर बाबा का शीश विराजित किया जाएगा। बाबा को छप्पन भोग अर्पित किए जाएंगे तथा अखंड ज्योत के समक्ष श्रद्धालु भी मिष्ठान, घृत, खोपरा, पंचमेवा, ताजे फल एवं सुगंधित द्रव्यों की आहुति अर्पित कर सकेंगे।

भजन संध्या में सुप्रसिद्ध भजन गायिका इतिशा अग्रवाल, मंदसौर के हर्षवर्धन शर्मा तथा उदयपुर के जमुना शंकर लोहार अपनी मधुर प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भाव-विभोर करेंगे। वहीं नीमच का मंशापूर्ण म्यूजिकल ग्रुप अर्जुन बारेठ के नेतृत्व में साजिंदों के साथ संगीत की सुरमयी छटा बिखेरेगा। कार्यक्रम की ध्वनि व्यवस्था उदयपुर के हिमांशु साउंड सिस्टम द्वारा अत्याधुनिक हाई-पावर साउंड सिस्टम से की जाएगी।

आयोजकों ने सभी श्याम प्रेमियों से सपरिवार उपस्थित होकर बाबा श्याम के दर्शन, भजनों का रसास्वादन एवं आशीर्वाद प्राप्त करने का आग्रह किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *